नवांकुर संस्थाएं जल संरक्षण के लिए जनभागीदारी से बनाएंगी 200 बोरी बंधान जल संचय अभियान के तहत 15 नवंबर से 30 दिसंबर तक चलेगा अभियान, जिला पंचायत सभागार में आयोजित हुई त्रैमासिक समीक्षा बैठक


कटनी / मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संवाद योजना के अंतर्गत जिले की नवांकुर संस्थाओं की त्रैमासिक समीक्षा बैठक मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित की गई। बैठक में संस्थाओं के कार्यों की समीक्षा के साथ शासन की योजनाओं के प्रचार-प्रसार, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और जल संचय अभियान को जनभागीदारी से प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। इस दौरान आगामी जल संचय अभियान के अंतर्गत जिले में 200 बोरी बंधान बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
बैठक में जन अभियान परिषद के राज्य सलाहकार  शिवनारायण पटेल, जबलपुर संभाग समन्वयक  रवि बर्मन, आनंद विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी  अनिल कांबले तथा ग्रामीण आजीविका मिशन के सहायक प्रबंधक  अजय पांडेय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद ग्रामीण आजीविका मिशन के सहायक प्रबंधक  अजय पांडेय ने विभागीय योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
जिला समन्वयक डॉ. तेजसिंह केशवाल ने नवांकुर संस्थाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रस्फुटन समितियों को सक्रिय बनाने, स्थानीय समस्याओं के समाधान, शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार, नवांकुर सखी की गतिविधियों, आदर्श ग्रामों में संस्कार केंद्रों के संचालन तथा नर्सरी निर्माण पर चर्चा की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति अभियान को गति देने के साथ गतिविधियों के प्रतिवेदन तैयार करने, एमआईएस पोर्टल पर जानकारी अपलोड करने और उपयोगिता प्रमाण पत्र जमा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में परिषद द्वारा 15 नवंबर से 30 दिसंबर तक संचालित किए जा रहे जल संचय अभियान की कार्ययोजना पर विशेष चर्चा हुई। इसके लिए सेक्टरवार और ग्रामवार योजना तैयार की गई। अभियान के तहत निर्धारित मापदंडों के अनुसार जनभागीदारी से जिले में 200 जल संरचनाओं (बोरी बंधान) का निर्माण करने का लक्ष्य रखा गया। इसके लिए नवांकुर संस्थाओं को स्थानीय समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को चयनित प्रयोगशाला ग्रामों में संचालित गतिविधियों से जोड़ने और समन्वय के साथ कार्य करने के सुझाव भी दिए गए। विकासखंड समन्वयक  बालमुकुंद मिश्रा ने नवांकुर संस्थाओं द्वारा संचालित संस्कार केंद्रों में होने वाली गतिविधियों के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण दिया।
संभाग समन्वयक रवि बर्मन ने परिषद की योजनाओं और कार्यक्रमों का निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सक्रियता से क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेक्टर स्तर और प्रस्फुटन ग्रामों में संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के सुझाव दिए।
राज्य सलाहकार  शिवनारायण पटेल ने नवांकुर संस्थाओं और प्रस्फुटन समितियों के समन्वय से संचालित कार्यक्रमों में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने संस्थाओं को उत्कृष्ट कार्य करने के साथ सेक्टर और ग्राम स्तर पर नए नवाचार करने के लिए प्रेरित किया। आनंद विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कांबले ने सभी गतिविधियों को उत्साहपूर्वक संचालित करने और कम रुचि वाले कार्यक्रमों में भी सक्रिय सहभागिता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। बैठक में जिले के सभी विकासखंडों के विकासखंड समन्वयक एवं नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *