कटनी / नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी दिशा में शहर की जल प्रदाय व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ पेयजल की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी, जांच एवं आवश्यक सुधार कार्य किए जा रहे हैं। जल शोधन संयंत्रों, पानी की टंकियों तथा जल प्रदाय से जुड़े स्रोतों की साफ-सफाई एवं रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
13 स्थलों से लिए पेयजल के नमूने
कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा ने बताया कि नागरिकों को प्रदाय किए जाने वाले पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिदिन नगर के विभिन्न वार्डों से जल के नमूने एकत्रित कर उनकी जांच कराई जा रही है। इसी क्रम में विगत दिवस विश्राम बाबा वार्ड की न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी एवं मानसरोवर कॉलोनी सहित संत कंवरराम वार्ड की माधवनगर रॉबर्ट लाइन, रामकृष्ण परमहंस वार्ड की मंगल नगर प्यासी गली, वेंकट वार्ड की निषाद स्कूल गली, महात्मा गांधी वार्ड, सिटी सप्लाई एवं सिविल लाइन पानी की टंकी सहित कुल 13 स्थलों से पेयजल के नमूने लेकर जांच हेतु भेजे गए।
शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, 11 स्थानों पर लीकेज दुरुस्त
मिश्रा ने बताया कि जल प्रदाय व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पाइप लाइन लीकेज, दूषित पानी की आशंका एवं जल प्रदाय संबंधी शिकायतों पर निगम की टीम द्वारा तत्परता से कार्रवाई की जा रही है। विगत दिवस प्राप्त शिकायतों के आधार पर 11 स्थलों पर पाइप लाइन लीकेज की मरम्मत कराकर जल प्रदाय व्यवस्था को सुचारू किया गया।
निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे घरेलू जल टंकियों की नियमित साफ-सफाई रखें तथा पेयजल का उपयोग स्वच्छता एवं सावधानी के साथ करें। पाइपलाइन में लीकेज अथवा दूषित पानी की आशंका होने पर तत्काल निगम प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
