“पत्रकार होने का इतना भी गुरूर मत पालिए… प्रेस कार्ड कोई लाइसेंस टू पावर नहीं है!”—यह केवल एक वाक्य नहीं, बल्कि आज के दौर के उस कड़वे सच का आईना है जो समकालीन पत्रकारिता के दामन पर लगे दागों को बेबाकी से उजागर करता है। आज समाज में अक्सर यह देखने को मिलता है कि गले में एक प्रेस कार्ड लटका लेने, मोबाइल में किसी बड़े अधिकारी का नंबर सेव कर लेने या किसी संगठन का फर्जी ठप्पा पा लेने मात्र से कुछ लोग खुद को कानून, नियम और व्यवस्था से ऊपर समझने लगते हैं। लेकिन यह भ्रम जितना अस्थायी है, उतना ही खतरनाक भी है।
भारतीय संविधान ने देश के हर आम नागरिक को वाक् और अभिव्यक्ति की जो स्वतंत्रता दी है, वही अधिकार एक पत्रकार को भी प्राप्त हैं। पत्रकार होना कोई ऐसा संवैधानिक विशेषाधिकार या विशेष लाइसेंस नहीं है जो किसी को कानून को ताक पर रखने या आम इंसानों से ऊपर उठकर सुलूक करने की छूट देता हो। थानों, तहसीलों या दफ्तरों में यदि किसी पत्रकार को सम्मान की कुर्सी मिलती है, तो वह अमूमन उस पद की गरिमा के प्रति प्रशासनिक शिष्टाचार या आपसी अच्छे संबंधों का परिणाम होता है। इसे अपनी ताकत, धौंस या ‘व्यवस्था पर दबाव’ मान लेना घोर आत्ममुग्धता के सिवा कुछ नहीं है।
विडंबना यह है कि आज पत्रकारिता का संकट जितना बाहर से है, उससे कहीं ज्यादा भीतर से पैदा हो रहा है। जब कोई पत्रकार सच लिखता है, तो सत्ता और तंत्र की तरफ से दबाव आना स्वाभाविक है। यह इस पेशे का जोखिम भरा सच है। लेकिन असली विडंबना तब शुरू होती है जब अपनों के बीच का ईर्ष्या और अवसरवाद सामने आता है। एक साथी पर संकट आने पर उसकी मदद करने के बजाय तंज कसना, उससे दूरी बना लेना या उसके विरोधी खेमे में जाकर अपनी उपयोगिता तलाशना इस बिरादरी के नैतिक पतन को दर्शाता है।
आज जरूरत इस बात को समझने की है कि पहचान पत्र या किसी संगठन का पद आपकी औकात या रुतबे का पैमाना नहीं हो सकता। अधिकारी की कुर्सी और नेता की नजदीकी आपकी अपनी योग्यता नहीं होती। असली ताकत आपकी निर्भीक कलम, पुख्ता तथ्य, निष्पक्षता और आपका नैतिक चरित्र है।
पत्रकारिता कोई रौब गांठने का जरिया या सत्ता हासिल करने का हथियार नहीं है, बल्कि यह एक भारी जिम्मेदारी, संघर्ष और जोखिम से भरा दायित्व है। इसलिए, पत्रकार होने का गुरूर पालने के बजाय पत्रकारिता करने का दम पैदा कीजिए—क्योंकि पहचान कार्ड से मिल सकती है, लेकिन सम्मान केवल और केवल कर्म से ही मिलता है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
