परिवहन विभाग में लापरवाह कर्मचारियों की खुलेगी कुंडली, शिकायतों के आधार पर तैयार हो रही सूची

चेक पोस्ट बंद कर चेक पॉइंट बनाए गए, सौरभ शर्मा कांड के बाद निगरानी बढ़ाने की कवायद; परिवहन आयुक्त उमेश जोगा खुद जुटे जानकारी में
मध्यप्रदेश के परिवहन विभाग में कार्यप्रणाली सुधारने और भ्रष्टाचार व लापरवाही पर अंकुश लगाने के लिए अब सख्ती की तैयारी की जा रही है। विभाग ने ऐसे कर्मचारियों की पहचान शुरू कर दी है, जिनके खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही हैं। परिवहन विभाग में पदस्थ ऐसे कर्मचारियों की कुंडली तैयार की जा रही है, जिनकी कार्यशैली पर सवाल उठते रहे हैं।
दरअसल, परिवहन विभाग की छवि सुधारने के लिए पहले भी कई बड़े फैसले लिए गए हैं। चेक पोस्ट व्यवस्था बंद कर चेक पॉइंट बनाए गए और निगरानी बढ़ाने की कवायद शुरू हुई। सौरभ शर्मा कांड के बाद विभागीय गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की जरूरत भी महसूस की गई। इसके बावजूद मैदानी स्तर पर कर्मचारियों की कार्यशैली को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं।
ग्वालियर से डबरा-दतिया तक पहुंची कवायद
सूत्रों के मुताबिक, विभाग ने अब शिकायतों के आधार पर संबंधित कर्मचारियों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की है। इस अभियान का दायरा ग्वालियर से शुरू होकर डबरा और दतिया तक पहुंच चुका है। परिवहन आयुक्त उमेश जोगा स्वयं ऐसे कर्मचारियों की जानकारी जुटाने में लगे हैं, जिनके खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही हैं।
मैदानी कार्यशैली पर रहेगी नजर
विभाग की इस कवायद का उद्देश्य केवल शिकायतें एकत्र करना नहीं, बल्कि मैदानी स्तर पर कर्मचारियों की वास्तविक कार्यप्रणाली का आकलन करना भी है। ट्रक चालकों को रोकने के नाम पर विवाद और वाहन चालकों के साथ कथित दुर्व्यवहार जैसी शिकायतों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। अब देखना होगा कि शिकायतों के आधार पर तैयार होने वाली सूची के बाद विभाग दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *