कटनी। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बीते 24 घंटों के दौरान आपसी रंजिश और मामूली विवादों को लेकर मारपीट व गाली-गलौज की चार अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। एनकेजे थाना क्षेत्र के प्रेमनगर में एक ही विवाद पर दो पक्षों के बीच काउंटर केस दर्ज किए गए हैं, जबकि काली मंदिर के पास, कैमोर और बरही में भी मारपीट के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने सभी प्रकरणों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
1. एनकेजे (प्रेमनगर): आपसी विवाद में दो पक्ष आमने-सामने, पुलिस ने दर्ज किया काउंटर केस
एनकेजे थाना क्षेत्र के प्रेमनगर में डॉ. किदवई के पीछे 15 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर मामला दर्ज किया है:
* पहला पक्ष: प्रेमनगर निवासी 42 वर्षीय दुखिया चौधरी पिता ज्ञानी चौधरी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरती चौधरी, अज्जू चौधरी और रामकली चौधरी ने एक राय होकर मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां दीं और मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। इस हमले में दुखिया चौधरी और लवकुश चौधरी को चोटें आई हैं। पुलिस ने अपराध क्रमांक 621/26 के तहत मामला दर्ज किया है।
* दूसरा पक्ष: इसी घटना को लेकर दूसरे पक्ष से प्रेमनगर निवासी 50 वर्षीय रामकली चौधरी पति रामलाल चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई कि प्रियंका चौधरी, लवकुश चौधरी, अजय कुशवाहा और दुखिया चौधरी ने एक राय होकर उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस मारपीट में रामकली चौधरी, अज्जू चौधरी और आरती चौधरी घायल हुए हैं। पुलिस ने अपराध क्रमांक 622/26 कायम किया है।
2. एनकेजे (काली मंदिर के पास): महिला और युवक से मारपीट, चार पर केस
एनकेजे थाना क्षेत्र अंतर्गत ही काली मंदिर के पास प्रेमनगर में 15 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे मारपीट की एक और घटना हुई। पुराने थाने के पास रहने वाली 45 वर्षीय ममता यादव पति स्व. संजय यादव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि दिन्नू बर्मन, पुन्नू बर्मन, दिप्पू बर्मन और गुड़िया बर्मन ने एक राय होकर उनके और अनमोल यादव के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 623/26 के तहत आरोपियों पर केस दर्ज किया है।
3. कैमोर (ग्राम अमेहटा): महिला से गाली-गलौज और मारपीट
कैमोर थाना क्षेत्र के ग्राम अमेहटा में 14 नवंबर की रात करीब 9 बजे एक महिला के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। अपने मायके ग्राम अमेहटा में रह रही 30 वर्षीय रूपा कोल पति अनिल कोल ने पुलिस को बताया कि गांव के ही शिवम कोल पिता शंखा कोल ने उसके साथ गंदी-गंदी गालियां देते हुए मारपीट की, जिससे उसे चोटें आई हैं। आरोपी ने महिला को जान से मारने की धमकी भी दी। कैमोर पुलिस ने 15 नवंबर को अपराध क्रमांक 360/26 (धारा 296बी, 115(2), 351(2) बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
4. बरही (ग्राम इटौरा): खेत में घुसकर ग्रामीण से मारपीट, तीन नामजद
बरही थाना क्षेत्र के ग्राम इटौरा स्थित रमपुरवा खेत में 15 नवंबर की सुबह करीब 8:30 बजे तीन लोगों ने मिलकर एक ग्रामीण के साथ मारपीट कर दी। इटौरा निवासी 50 वर्षीय रामकुमार कुम्हार पिता अठइया कुम्हार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि जब वह अपने खेत पर था, तभी रामपाल, मनसुखलाल और राजेश प्रजापति वहां पहुंचे और गंदी-गंदी गालियां देने लगे। आरोपियों ने एक राय होकर रामकुमार के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बरही पुलिस ने अपराध क्रमांक 875/26 के तहत तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
