मध्यप्रदेश में बिजली चोरी और बिजली के अनियमित उपयोग के मामलों में फंसे उपभोक्ताओं को राहत मिलने जा रही है। आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में बिजली चोरी के लंबित प्रकरणों का आपसी समझौते के आधार पर निराकरण किया जाएगा। इसके लिए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने विशेष छूट योजना लागू की है।
योजना के तहत 10 लाख रुपये तक के आकलित सिविल दायित्व वाले मामलों में मूल राशि पर 20 से 30 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। वहीं, बकाया राशि पर लगने वाले ब्याज की पूरी राशि माफ की जाएगी। यह छूट केवल 12 दिसंबर को आयोजित नेशनल लोक अदालत में समझौता करने वाले पात्र उपभोक्ताओं को मिलेगी।
इन मामलों में मिलेगा योजना का लाभ
विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत दर्ज बिजली चोरी के मामलों के साथ विशेष न्यायालयों में विचाराधीन प्रकरण भी योजना में शामिल किए गए हैं। इसका लाभ निम्नदाब श्रेणी के घरेलू, कृषि, पांच किलोवॉट तक के गैर घरेलू तथा 10 अश्वशक्ति भार तक के औद्योगिक उपभोक्ताओं को मिलेगा। शर्त यह है कि संबंधित प्रकरण में आकलित सिविल दायित्व 10 लाख रुपये तक हो।
प्रकरणों के अनुसार मिलेगी छूट
प्री-लिटिगेशन मामले: आकलित सिविल दायित्व की मूल राशि पर 30 प्रतिशत छूट और ब्याज में 100 प्रतिशत छूट
लिटिगेशन मामले:
मूल राशि पर 20 प्रतिशत छूट और निर्धारित अवधि के बाद लगने वाले ब्याज की पूरी राशि माफ।
बिजली कार्यालय में करें संपर्क
कपनी के अनुसार, निर्धारण आदेश जारी होने के 30 दिन बाद भुगतान नहीं करने पर बकाया राशि पर 16 प्रतिशत वार्षिक दर से छह माह के चक्रवृद्धि आधार पर ब्याज लगाया जाता है। लोक अदालत में समझौता करने पर इस ब्याज से पूरी राहत मिलेगी।
विद्युत वितरण कंपनी ने पात्र उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 12 दिसंबर से पहले अपने संबंधित बिजली कार्यालय में संपर्क कर प्रकरण और बकाया राशि की जानकारी प्राप्त करें, ताकि लोक अदालत में समझौते के माध्यम से प्रकरण का निराकरण कराया जा सके।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
