श्रमिक नियोजन और मानव दिवस सृजन में पिछड़ी पंचायतों पर गिरेगी कार्रवाई की गाज
पीएम आवास में एक सप्ताह में प्रगति नहीं तो जिम्मेदारों पर होगी सख्ती, एनआरएलएम के सहायक विकासखंड प्रबंधक का मानदेय रोकने के निर्देश
कटनी / जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही, लक्ष्य पूर्ति में उदासीनता और जिम्मेदारियों के निर्वहन में शिथिलता अब किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं होगी। योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना और निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा में हासिल करना अधिकारियों एवं मैदानी अमले की प्राथमिक जवाबदेही है। काम में कोताही मिलेगी तो जवाब भी देना होगा और कार्रवाई भी झेलनी होगी। जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर ने द्वारका भवन में आयोजित जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों, ग्राम पंचायत सचिवों एवं रोजगार सहायकों को स्पष्ट शब्दों में यह संदेश दिया। कौर ने कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास, श्रम तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों का क्रियान्वयन पूरी गंभीरता, तत्परता और परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण के साथ किया जाए। योजनाओं की प्रगति केवल अभिलेखों और आंकड़ों में नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देनी चाहिए। आम नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों और आवेदनों का संवेदनशीलता से निराकरण करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दो टूक निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत कार्यालय निर्धारित कार्यदिवसों में नियत समय पर अनिवार्य रूप से खुलें और बंद हों, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े।
नियोजन में पिछड़ी 10 पंचायतें कार्रवाई के दायरे में
व्हीबी-जी राम जी योजना की समीक्षा के दौरान श्रमिक नियोजन में अपेक्षित वृद्धि नहीं होने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप मानव दिवस सृजित नहीं किए जाने पर जिला पंचायत सीईओ ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने इसे मैदानी स्तर पर कार्यों के प्रति उदासीनता का संकेत मानते हुए कम प्रगति वाली 10 ग्राम पंचायतों को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इनमें कटंगी कला, बरखेड़ा, हीरवारा, देवरा खुर्द, कछगवां जोबा, बिस्तरा, भनपुरा नंबर-1, जुहला, बडेरा और पूछी ग्राम पंचायत शामिल हैं। संबंधित पंचायतों से प्रगति में कमी के संबंध में जवाब तलब कर श्रमिक नियोजन में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
पीएम आवास में सुस्ती, एक सप्ताह की मोहलत
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के वर्ष 2024-25 के लक्ष्यों की समीक्षा में 11 ग्राम पंचायतों में बड़ी संख्या में आवास अपूर्ण पाए जाने पर सीईओ ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित पंचायतों के सेक्टर सुपरवाइजर, सचिव एवं रोजगार सहायकों को हितग्राहियों से सतत संपर्क और संवाद स्थापित कर आवास निर्माण पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि अगले एक सप्ताह में संतोषजनक प्रगति नहीं दिखाई देने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। आवास पूर्णता में देरी को लेकर अब जिम्मेदार अमले को अपनी कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार करना होगा।
खराब प्रदर्शन पर एनआरएलएम के सहायक विकासखंड प्रबंधक का मानदेय रोकने के निर्देश
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की समीक्षा में सहायक विकासखंड प्रबंधक राजेश खरे द्वारा योजनाओं की प्रगति के संबंध में संतोषजनक एवं समाधानकारक जानकारी प्रस्तुत नहीं किए जाने और प्रदर्शन कमजोर पाए जाने पर जिला पंचायत सीईओ ने कड़ा प्रशासनिक रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति होने तक उनका मानदेय रोका जाए। इस निर्देश के जरिए उन्होंने स्पष्ट किया कि पद और दायित्व के अनुरूप परिणाम देना अनिवार्य है तथा कार्यप्रदर्शन में कमी को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, समयसीमा का पालन अनिवार्य
बैठक में विभिन्न योजनाओं के तहत निर्माणाधीन एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए कौर ने तकनीकी अधिकारियों और ग्राम पंचायत अमले को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब और गुणवत्ता संबंधी लापरवाही पर विशेष निगरानी रखी जाए। इसके अलावा मध्यान्ह भोजन (एमडीएम), स्वच्छ भारत मिशन, सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का निराकरण तथा ग्राम पंचायतों के स्वयं के आय स्रोतों में वृद्धि सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की उपयंत्रीवार समीक्षा की गई। अधिकारियों को मैदानी स्तर पर योजनाओं की नियमित निगरानी, कार्यों के सत्यापन और शिकायतों के प्रभावी निराकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी, जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप सिंह, परियोजना अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, ऋषिराज चढ़ार, लेखाधिकारी सुरभित अग्रवाल, एनआरएलएम की जिला परियोजना प्रबंधक शबाना बेगम, सहायक परियोजना अधिकारी मृगेंद्र सिंह एवं विजय लक्ष्मी मरावी, योगेंद्र कुमार असाटी सहित ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक से प्रशासनिक अमले को साफ संदेश दिया गया कि योजनाओं में लक्ष्य हासिल करना महज औपचारिकता नहीं, बल्कि निर्धारित दायित्व है। प्रगति में कमी, कार्यों में देरी और जवाबदेही से बचने की प्रवृत्ति पर अब सीधे जवाब तलब होगा। जनहित की योजनाओं में परिणाम देना ही कार्यक्षमता और जिम्मेदारी का वास्तविक पैमाना होगा।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
