महिला हिंसा के खिलाफ अधिकारों की हुंकार, महिला जनप्रतिनिधियों को कानून और सुरक्षा के उपायों का दिया गया पाठ


अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस पर विशेष कार्यशाला आयोजित; घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, कार्यस्थल पर लैंगिक शोषण और बाल विवाह रोकने के कानूनी प्रावधानों पर हुआ मंथन
बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ के साथ महिला सशक्तिकरण का लिया संकल्प
कटनी /महिला सशक्तिकरण केवल अधिकारों की घोषणा से नहीं, बल्कि उन अधिकारों के प्रति जागरूकता, सुरक्षा और न्याय तक सहज पहुंच सुनिश्चित करने से संभव है। महिलाओं के विरुद्ध हिंसा का उन्मूलन सामाजिक जिम्मेदारी के साथ-साथ संवैधानिक दायित्व भी है। इसी उद्देश्य को केंद्र में रखते हुए अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर जिला पंचायत कटनी के सभाकक्ष में मिशन शक्ति की बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत महिला जनप्रतिनिधियों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में महिलाओं को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, सुरक्षा संबंधी प्रावधानों, न्यायिक सहायता और शासन की कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर उन्हें ग्रामीण स्तर पर महिला अधिकारों की सशक्त आवाज बनने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष  सुनीता मेहरा के मुख्य आतिथ्य एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर की अध्यक्षता में इस कार्यशाला में महिला अधिकारों की सुरक्षा, हिंसा के विरुद्ध कानूनी संरक्षण और महिला नेतृत्व को मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक विमर्श हुआ।
महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से ही विकास को मिलेगी वास्तविक दिशा
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष  सुनीता मेहरा ने महिला हिंसा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के वैधानिक अधिकारों की जानकारी ही उन्हें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने का आत्मविश्वास प्रदान करती है। कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने महिला जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे अपने क्षेत्र में महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाएं और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएं। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती कविता पंकज राय ने महिला हिंसा के उन्मूलन को सामाजिक परिवर्तन की अनिवार्य आवश्यकता बताते हुए अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।
कानून की जानकारी से न्याय तक पहुंचने का रास्ता बताया
कार्यशाला में न्यायिक एवं विधिक विशेषज्ञों ने महिलाओं को उनके संरक्षण के लिए उपलब्ध कानूनी व्यवस्थाओं से अवगत कराया। सिविल जज जिला न्यायालय कटनी श्री अपूर्व मल्होत्रा ने घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 के महत्वपूर्ण प्रावधानों, पीड़ित महिलाओं को मिलने वाली राहत और न्यायालयीन प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं के लिए उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी विस्तार से बताया। जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री हर्षित बिसेन ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका, निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया और हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी। साथ ही दहेज प्रतिषेध अधिनियम, 1961 के प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए दहेज उत्पीड़न के विरुद्ध कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
कार्यस्थल पर उत्पीड़न से लेकर बाल विवाह तक, हर मुद्दे पर मिली कानूनी जानकारी
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अब्दुल गफ्फार ने महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए संचालित शासकीय कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। सहायक संचालक सुश्री वनश्री कुर्वेती ने कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 तथा भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की।
बाल संरक्षण अधिकारी श्री मनीष तिवारी ने लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), 2012 के तहत बच्चों को प्राप्त कानूनी सुरक्षा एवं अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और एकीकृत आपातकालीन सहायता नंबर 112 के महत्व से भी अवगत कराया। वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक श्रीमती शैली तिवारी ने हिंसा एवं उत्पीड़न से प्रभावित महिलाओं के लिए वन स्टॉप सेंटर पर उपलब्ध सहायता, सुविधाओं और महिला हेल्पलाइन 181 की जानकारी देते हुए बताया कि संकट की स्थिति में महिलाएं इन सेवाओं का लाभ लेकर आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
महिला नेतृत्व और बाल हितैषी पंचायतों पर भी जोर
कार्यशाला में ग्राम पंचायत तेवरी की सरपंच सुश्री काजल रजक ने बाल एवं महिला हितैषी पंचायतों के निर्माण तथा स्थानीय शासन में महिला नेतृत्व की भूमिका पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने ग्रामीण स्तर पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उनके हितों से जुड़े मुद्दों को पंचायत के एजेंडे में प्राथमिकता देने के महत्व को रेखांकित किया।
बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ, गांव-गांव तक जागरूकता का संकल्प
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने उपस्थित महिला जनप्रतिनिधियों को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई। उन्होंने महिला सरपंचों एवं पंचों से आह्वान किया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने तथा महिलाओं के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के अन्याय के विरुद्ध निर्भीकता से आवाज उठाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यशाला में श्री पंकज नामदेव, योगेंद्र कुमार असाटी, जिला पंचायत के विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में महिला जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही। कार्यशाला का मूल संदेश स्पष्ट रहा कि महिला अधिकारों की जानकारी ही अन्याय के विरुद्ध सबसे मजबूत आधार है। जब महिला जनप्रतिनिधियां स्वयं जागरूक होंगी, तभी गांवों में महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं समान अवसरों वाला वातावरण निर्मित हो सकेगा। महिला हिंसा मुक्त समाज और बाल विवाह मुक्त भारत का संकल्प तभी साकार होगा, जब जागरूकता के साथ जमीनी स्तर पर सामूहिक कार्रवाई भी सुनिश्चित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *