दस महीने बाद लागू होने की तैयारी में यशोदा दुग्ध प्रदाय योजना, जनवरी से बच्चों को मिलेगा टेट्रा पैक दूध

आंगनबाड़ियों के माध्यम से पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों और कुपोषित बच्चों को मिलेगा दूध, सांची दुग्ध संघ को सौंपी जा सकती है आपूर्ति की जिम्मेदारी
मध्यप्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी यशोदा दुग्ध प्रदाय योजना अब जमीन पर उतरने की तैयारी में है। फरवरी 2026 के बजट में घोषणा के करीब दस महीने बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने योजना को लागू करने के लिए कैबिनेट की मंजूरी संबंधी प्रस्ताव तैयार किया है। विभाग की योजना जनवरी 2027 से आंगनबाड़ियों के माध्यम से बच्चों को टेट्रा पैक में दूध वितरित करने की है।
इस योजना के तहत कक्षा पहली से आठवीं तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों के साथ कुपोषित बच्चों को भी लाभ दिया जाएगा। प्रदेश में इस योजना के संभावित लाभार्थियों की संख्या करीब 50 से 55 लाख बताई जा रही है। दूध की आपूर्ति की जिम्मेदारी सांची दुग्ध संघ को दिए जाने की तैयारी है।
पांच साल में 6600 करोड़ रुपए होंगे खर्च
योजना को पांच साल तक संचालित करने का प्रस्ताव है। इसके लिए प्रतिवर्ष करीब 700 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया गया है। चालू वित्तीय वर्ष में दूध वितरण शुरू होने पर लगभग 100 से 150 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। पांच साल में योजना पर कुल करीब 6600 करोड़ रुपए खर्च किए जाने की तैयारी है।
छह प्लांटों से होगी दूध की आपूर्ति
सांची दुग्ध संघ के भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर और सागर स्थित छह प्लांटों के माध्यम से दूध की आपूर्ति की जा सकती है। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार इन प्लांटों से दो से तीन दिनों में प्रदेश की आंगनबाड़ियों तक दूध पहुंचाया जा सकेगा।
टेट्रा पैक दूध लंबे समय तक रहेगा सुरक्षित
योजना में अल्ट्रा हाई टेंपरेचर (यूएचटी) तकनीक से तैयार टेट्रा पैक दूध वितरित किया जाएगा। इस तकनीक में दूध को करीब 135 से 150 डिग्री सेल्सियस तापमान पर कुछ सेकंड तक गर्म कर तुरंत ठंडा किया जाता है। इससे हानिकारक सूक्ष्मजीव नष्ट हो जाते हैं। विशेष पैकिंग के कारण दूध बिना खोले सामान्य तापमान पर कई महीनों तक सुरक्षित रह सकता है। इससे भंडारण और वितरण में भी आसानी होगी।
योजना लागू होने के बाद बच्चों को नियमित रूप से दूध उपलब्ध कराने के साथ उनके पोषण स्तर में सुधार लाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *