परिवहन विभाग में वसूली का सिस्टम! भारी वाहनों से ‘मासिक दर’ तय होने का आरोप

कटनी। परिवहन विभाग (RTO) में एक लाख रुपये की कथित जबरिया वसूली के मामले में अब एक और गंभीर पहलू सामने आया है। शिकायतकर्ता जयप्रकाश पांडे ने अपनी शिकायत में यह भी जिक्र किया है कि विभाग में कथित तौर पर वसूली का एक संगठित सिस्टम चल रहा है, जिसके तहत भारी वाहन मालिकों से ‘मासिक दर’ तय होने की बात कही गई है।

शिकायत में ‘मासिक वसूली’ का दावा
हाईवा वाहन (क्रमांक CG10BM-3646) जब्त किए जाने और एक लाख रुपये की कथित मांग से जुड़े मामले में जयप्रकाश पांडे ने उच्च अधिकारियों को भेजी शिकायत में आरोप लगाया है कि परिवहन विभाग के भीतर भारी वाहनों को लेकर नियमित वसूली की व्यवस्था चलती है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वाहनों के संचालन को लेकर कथित तौर पर मासिक दरें फिक्स होने का दावा किया गया है।

पहले की शिकायत और वायरल वीडियो से जुड़ा मामला
गौरतलब है कि पहरुआ मंडी रोड निवासी जयप्रकाश पांडे ने 18 नवंबर को कैमोर-अमेहटा रेल फाटक के पास खड़े अपने लोड हाईवा को आरटीओ कर्मचारी सुखेंद्र तिवारी व अन्य द्वारा कार्यालय लाए जाने के बाद एक लाख रुपये की मांग का आरोप लगाया था। इस मामले में आरटीओ कार्यालय के बाहर एक निजी दलाल के नोट गिनने का वीडियो वायरल होने तथा निजी एजेंट जितेंद्र तिवारी व कर्मचारी के बीच कथित बातचीत (90 हजार नकद और 10 हजार ऑनलाइन) के दावों को लेकर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (SP) और लोकायुक्त को प्रमाण सहित शिकायत भेजी जा चुकी है।

जांच की मांग तेज
नए दावे के सामने आने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। शिकायतकर्ता ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि केवल एक घटना तक सीमित न रहते हुए पूरे मामले की गहराई से जांच की जाए, ताकि कथित वसूली के सिस्टम और उससे जुड़े लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *