शिकायत में ‘मासिक वसूली’ का दावा
हाईवा वाहन (क्रमांक CG10BM-3646) जब्त किए जाने और एक लाख रुपये की कथित मांग से जुड़े मामले में जयप्रकाश पांडे ने उच्च अधिकारियों को भेजी शिकायत में आरोप लगाया है कि परिवहन विभाग के भीतर भारी वाहनों को लेकर नियमित वसूली की व्यवस्था चलती है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वाहनों के संचालन को लेकर कथित तौर पर मासिक दरें फिक्स होने का दावा किया गया है।
पहले की शिकायत और वायरल वीडियो से जुड़ा मामला
गौरतलब है कि पहरुआ मंडी रोड निवासी जयप्रकाश पांडे ने 18 नवंबर को कैमोर-अमेहटा रेल फाटक के पास खड़े अपने लोड हाईवा को आरटीओ कर्मचारी सुखेंद्र तिवारी व अन्य द्वारा कार्यालय लाए जाने के बाद एक लाख रुपये की मांग का आरोप लगाया था। इस मामले में आरटीओ कार्यालय के बाहर एक निजी दलाल के नोट गिनने का वीडियो वायरल होने तथा निजी एजेंट जितेंद्र तिवारी व कर्मचारी के बीच कथित बातचीत (90 हजार नकद और 10 हजार ऑनलाइन) के दावों को लेकर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (SP) और लोकायुक्त को प्रमाण सहित शिकायत भेजी जा चुकी है।
जांच की मांग तेज
नए दावे के सामने आने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। शिकायतकर्ता ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि केवल एक घटना तक सीमित न रहते हुए पूरे मामले की गहराई से जांच की जाए, ताकि कथित वसूली के सिस्टम और उससे जुड़े लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
