पिण्डरई में अधूरी सड़क और नाली निर्माण से ग्रामीण परेशान, जनसुनवाई में कलेक्टर से लगाई गुहार बारिश में जलभराव से आवागमन प्रभावित, गड्ढों और झाड़ियों के कारण दुर्घटनाओं का बना रहता है खतरा

तहसील क्षेत्र के ग्राम पिण्डरई में अधूरे सड़क एवं नाली निर्माण कार्य से ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव की बदहाल सड़क, जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। समस्या के निराकरण की मांग को लेकर ग्राम पंचायत पिण्डरई के ग्रामीणों ने जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

 

 

ग्रामीणों के अनुसार ढीमरखेड़ा से विरासन पाली मार्ग का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कराया गया था। यह मार्ग ग्राम पिण्डरई के बीच से होकर गुजरता है, लेकिन मुख्य मार्ग का निर्माण होने के बावजूद गांव की सीमा के भीतर सड़क और पक्की नाली का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। इसके चलते गांव में जलनिकासी की समस्या बनी हुई है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान पानी सड़कों पर जमा हो जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। वहीं लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। सड़क के दोनों ओर उगी घनी झाड़ियों ने मार्ग को और संकरा कर दिया है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

 

ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि गांव में अधूरे पड़े सड़क एवं पक्की नाली निर्माण कार्य को प्राथमिकता से पूरा कराया जाए। साथ ही मार्ग के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराकर जर्जर सड़क की मरम्मत एवं डामरीकरण कराया जाए। अब ग्रामीणों की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *