जिलेभर में रातभर चला सघन चेकिंग अभियान, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 28 चालकों पर कार्रवाई, अवैध शराब के 20 प्रकरण दर्ज
कटनी। अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने विगत रात्रि जिलेभर में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य के मार्गदर्शन में सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सघन चेकिंग करते हुए वांछित अपराधियों, गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की धरपकड़ की। अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में कुल 178 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
29 स्थाई और 84 गिरफ्तारी वारंटी गिरफ्तार
कॉम्बिंग गश्त के दौरान न्यायालयों से जारी वारंटों की तामीली करते हुए 29 स्थाई वारंटियों एवं 84 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 27 जमानती वारंट और 38 समंस तामील कराए गए।
गुंडा और निगरानी बदमाशों के घर पहुंची पुलिस
अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस टीमों ने उनके घरों पर पहुंचकर चेकिंग की। इस दौरान 50 गुंडा बदमाशों और 46 निगरानी बदमाशों को चेक किया गया। वहीं जिला बदर किए गए 3 बदमाशों की भी जांच की गई। रात्रि में आवागमन करने वाले 25 मुसाफिरों को चेक कर उनका विवरण रजिस्टर में दर्ज किया गया।
शराब और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई
अवैध शराब के परिवहन एवं विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत 20 प्रकरण दर्ज कर 20 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले 28 चालकों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच भी की गई।
जुआ, सट्टा और अवैध हथियारों पर भी शिकंजा
अभियान के दौरान जुआ-सट्टा एक्ट के तहत 3 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि अवैध हथियार रखने पर आर्म्स एक्ट के तहत एक मामला पंजीबद्ध किया गया। शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका पर 5 आरोपियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस तथा शांति कायम रखने के उद्देश्य से 55 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 126 एवं 135 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
होटल, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों की जांच
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस बल ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों, होटल, ढाबों और धर्मशालाओं की सघन जांच की। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय बनाए रखना, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
कटनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
