दद्दा धाम कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर लगे स्पीड ब्रेकर, रहवासियों की मांग हुई पूरी


नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार की पहल से मिली राहत, पहले चरण में लगाए गए थे रिफ्लेक्टर, अब स्पीड ब्रेकर लगाने का कार्य शुरू
कटनी। दद्दा धाम कॉलोनी के रहवासियों द्वारा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों से दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए स्पीड ब्रेकर लगाए जाने की मांग नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार के समक्ष रखी गई थी। कॉलोनीवासियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त महोदया ने आवश्यक सामग्री उपलब्ध होते ही स्पीड ब्रेकर लगवाने का आश्वासन दिया था।
इसी क्रम में नगर निगम द्वारा पहले चरण में मुख्य मार्ग पर रिफ्लेक्टर लगाने का कार्य कराया गया। वहीं अब आवश्यक सामग्री उपलब्ध होने के बाद दद्दा धाम गेट के समीप मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर लगाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इससे मार्ग पर गुजरने वाले वाहनों की गति नियंत्रित होगी और कॉलोनीवासियों सहित राहगीरों को आवागमन में सुरक्षा मिलेगी।
कॉलोनीवासियों ने नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार द्वारा उनकी मांग पर संवेदनशीलता दिखाते हुए किए गए प्रयासों की सराहना की है। सभी रहवासियों ने इस जनहितैषी कार्य के लिए आयुक्त महोदया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया है।
जनता की मांग पर त्वरित पहल और बुनियादी सुविधाओं में सुधार की दिशा में यह कदम निश्चित रूप से सराहनीय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *