इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरन प्रीत कौर विशेष रूप से मौजूद रहीं। कार्यक्रम में पर्यटन प्रभारी कमलेश सैनी, डॉ. अमित साहू, डॉ. चित्रा प्रभात, वंदना गेलानी, शिखा नारंग, ऋषभ तिवारी, प्रभु दयाल बैरागी, मनोज निगम, जुगल मिश्रा, मोहन नागवानी, सुश्री एनैट विश्वास, शाहीन खानम, सुधीर सिंघानी, नीतू लालवानी एवं अनिल लालवानी ने भी सहभागिता की। उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने शैलाश्रयों के संरक्षण के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
276 शैलचित्रों में दर्ज है आदिमानव के जीवन का इतिहास
झिंझरी के शैलाश्रय कटनी की ऐसी अनमोल पुरातात्विक धरोहर हैं, जिनमें मानव सभ्यता के आदिम इतिहास की महत्वपूर्ण झलक देखने को मिलती है। यहां स्थित 14 शैलाश्रयों में आदिमानव की उपस्थिति के प्रमाण प्राप्त हुए हैं। पर्यावरणविद् एवं इंटैक कटनी चैप्टर के संयोजक मोहन नागवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि इन शैलाश्रयों में अब तक 276 शैलचित्रों को चिन्हांकित किया जा चुका है। इनमें गैंडे के तीन रेखांकन विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं, जो इस क्षेत्र के प्राचीन प्राकृतिक परिवेश और वन्यजीव विविधता की महत्वपूर्ण कहानी बयां करते हैं। उन्होंने बताया कि इन शैलचित्रों की प्राचीनता को लेकर विभिन्न अनुमान व्यक्त किए गए हैं। कुछ चित्रों को लगभग 10 हजार वर्ष से लेकर 2 लाख वर्ष तक पुराना माना गया है। मान्यता है कि प्राचीन काल में इस क्षेत्र में दलदली भूमि रही होगी, जो गैंडों के विचरण के अनुकूल थी। संभवतः इसी प्राकृतिक परिवेश में विचरण करने वाले गैंडों को आदिमानव ने शैलखंडों पर रेखांकित किया होगा।
औजारों के प्रदर्शन से विद्यार्थियों ने समझा प्रागैतिहासिक जीवन
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण आकर्षण उत्खनन के दौरान प्राप्त आदिमानव के प्राचीन औजारों का प्रदर्शन रहा। विद्यार्थियों को इन औजारों के माध्यम से आदिमानव के रहन-सहन, जीवनशैली और तत्कालीन परिस्थितियों की जानकारी दी गई। साथ ही शैलचित्रों के ऐतिहासिक महत्व, उनके निर्माण की परिस्थितियों तथा इस अमूल्य धरोहर को प्राकृतिक एवं मानवीय क्षति से बचाने की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। यह आयोजन केवल दीप प्रज्ज्वलन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इतिहास, संस्कृति, प्रकृति और नई पीढ़ी के बीच संवाद स्थापित करने का प्रेरक माध्यम बना। झिंझरी के शैलाश्रयों में प्रज्ज्वलित दीपों ने यह संदेश दिया कि विरासत केवल अतीत की स्मृति नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी अनमोल धरोहर और जिम्मेदारी भी है। इनके संरक्षण के प्रति जनभागीदारी ही इस ऐतिहासिक विरासत को भविष्य तक सुरक्षित पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
