कटनी /मुख्यमंत्री जनसेवा और आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण जिला पंचायत कटनी ने प्रस्तुत किया है। अक्टूबर माह की राज्य स्तरीय सीएम हेल्पलाइन ग्रेडिंग में जिला पंचायत कटनी ने प्रथम समूह में ,ए ग्रेड हासिल करते हुए प्रदेश के टॉप-10 जिलों में अपनी जगह बनाई है। जिले ने 85.31 प्रतिशत कुल वेटेज के साथ प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है।
इस सफलता के पीछे जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हर सिमरनप्रीत कौर की सतत निगरानी, नियमित अनुश्रवण और प्रभावी पर्यवेक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की नियमित समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अक्टूबर माह में जिला पंचायत कटनी द्वारा कुल 1194 शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया गया। शिकायतों के निराकरण में गंभीरता, जवाबदेही और सतत मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप जिले को 85.31 प्रतिशत कुल वेटेज प्राप्त हुआ और राज्य स्तरीय ग्रेडिंग में सातवां स्थान हासिल हुआ।
इस उपलब्धि पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री हर सिमरनप्रीत कौर ने सीएम हेल्पलाइन का कार्य देख रहे अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें शाबाशी दी। उन्होंने इसी प्रतिबद्धता और टीम भावना के साथ आगे भी आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के लिए प्रोत्साहित किया। जिला पंचायत कटनी की यह उपलब्धि प्रशासनिक सक्रियता, बेहतर समन्वय और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील कार्यप्रणाली का परिचायक है। साथ ही यह भी दर्शाती है कि नियमित समीक्षा, प्रभावी निगरानी और सामूहिक प्रयासों से जनसेवा की व्यवस्था को और अधिक जवाबदेह एवं प्रभावी बनाया जा सकता है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
