कटनी। देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर शहर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दद्दा धाम में आज तुलसी विवाह का भव्य एवं धार्मिक आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न होगा। पूज्य पंडित देवप्रभाकर शास्त्री ‘दद्दा जी’ के मंदिर एवं समाधि स्थल पर प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार आयोजित होने वाले इस समारोह को लेकर दद्दा जी शिष्य मंडल द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
निकलेगी भव्य बारात, पार्क में होंगी विवाह की रस्में
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप और माता तुलसी के विवाह का विशेष महत्व है। इसी परंपरा के तहत दद्दा धाम में तुलसी विवाह उत्सव मनाया जाएगा। आयोजन के अंतर्गत मंदिर परिसर से भव्य बारात निकाली जाएगी। बारात धार्मिक उल्लास के साथ परिक्रमा करते हुए समाधि स्थल के समीप स्थित पार्क पहुंचेगी, जहां तुलसी विवाह की रस्में विधिविधान से संपन्न कराई जाएंगी।
एकादशी की महाआरती और धर्मलाभ की अपील
इस पावन अवसर पर एकादशी की भव्य महाआरती भी आयोजित होगी, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहेगा। दद्दा जी शिष्य मंडल ने समस्त गुरुभाइयों, श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नगरवासियों से सपरिवार आयोजन में उपस्थित होकर तुलसी विवाह उत्सव में सहभागिता निभाने तथा भगवान के दर्शन एवं महाआरती का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है। श्रद्धालुओं से पहुंचने का आग्रह किया गया है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
