कटनी में हर पोलिंग बूथ पर तैनात होंगे वोट रक्षक, मतदाता सूची की करेंगे निगरानी : अरुण यादव

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बरही अग्निकांड में छह लोगों की मौत का मामला विधानसभा में उठाने का किया ऐलान
राकेश जैन कक्का के कार्यालय पहुंचे अरुण यादव, कांग्रेसजनों से की मुलाकात
कटनी/कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कहा है कि राहुल गांधी के आह्वान पर देशभर में वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत हर पोलिंग बूथ पर वोट रक्षक तैनात करने की रणनीति बनाई गई है। इनकी जिम्मेदारी मतदाता सूची की निगरानी करने और पात्र मतदाताओं के नाम सूची से छूटने से रोकने की होगी।
कटनी प्रवास के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए अरुण यादव ने केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कई राज्यों में गड़बड़ी कर सरकारें बनाई गई हैं। पश्चिम बंगाल इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भी माफिया राज हावी है। शराब, रेत और खनन माफिया के साथ भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। किसानों को खाद-बीज नहीं मिल पा रहा है और रोजगार के अवसर लगातार कम हो रहे हैं।
बरही अग्निकांड में छह मौतों पर सरकार को घेरा
अरुण यादव ने बरही में हुए दर्दनाक अग्निकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि घटना में छह लोगों की मौत के बावजूद दस दिन बीत जाने के बाद भी जिम्मेदारों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपा था तथा बरही बंद भी कराया था, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई सामने नहीं आई।
उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और प्रशासन पर लापरवाही एवं असंवेदनशीलता के आरोप लगाए। यादव ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस गंभीर मामले को आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगी।
मिशन 2028 की तैयारी में जुटी कांग्रेस
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस मिशन 2028 की तैयारियों में जुट गई है। पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों, बेरोजगारों और आम नागरिकों से जुड़े सवालों को सड़क से लेकर विधानसभा तक उठाया जाएगा।
राकेश जैन कक्का के कार्यालय पहुंचे अरुण यादव, कांग्रेसजनों से की मुलाकात
कटनी पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अरुण यादव का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान वे कांग्रेस नेता राकेश जैन काका के निवास एवं कार्यालय पहुंचे, जहां कांग्रेसजनों से मुलाकात की। इसके बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्व. फिरोज अहमद के निवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की तथा शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह, शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मिथिलेश जैन, ठाकुर गुमान सिंह, करण सिंह चौहान, विजय पटेल, गुलाब जाफर, लिप्पू भाई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *