सुप्रीम कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण टिप्पणी में कहा है कि गंभीर अपराधों के आरोपियों को केवल जल्द सुनवाई के अधिकार के आधार पर जमानत नहीं दी जा सकती। यदि किसी आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले भी किसी अपराध में दोषी ठहराया जा चुका है, तो जमानत पर विचार करते समय इन तथ्यों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस चंद्रशेखर की पीठ ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें हत्या के एक मामले के आरोपी को जमानत दी गई थी।
पीठ ने कहा कि जल्द सुनवाई का अधिकार संविधान के अनुच्छेद 21 का हिस्सा है, लेकिन गंभीर अपराधों के मामलों में आरोपी के अधिकारों के साथ समाज और पीड़ित परिवार के हितों को भी ध्यान में रखना जरूरी है।
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता से जुड़ी जानकारी पर विचार किया जाना चाहिए। अदालत के मुताबिक, संबंधित हाईकोर्ट को जमानत देते समय आरोपी की पिछली दोषसिद्धि और आपराधिक मामलों की जानकारी नहीं दी गई थी।
इस फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जमानत के मामलों में केवल त्वरित सुनवाई के अधिकार को आधार बनाकर निर्णय नहीं लिया जा सकता।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
