मध्यप्रदेश की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार के मंत्रिमंडल में दिसंबर के अंत तक फेरबदल होने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले मुख्यमंत्री मंत्रियों और विभागों के कामकाज की विस्तृत समीक्षा करेंगे। इस प्रक्रिया की शुरुआत अधिकारियों से होगी, जिसके बाद मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के साथ दो दिवसीय विचार-विमर्श किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, 2 दिसंबर को भोपाल में नीति चिंतन शिविर आयोजित होगा। इसमें मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव, विभागाध्यक्ष और सभी जिलों के कलेक्टर शामिल होंगे। शिविर में विभागों की प्रगति, विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी।
शिविर के पहले सत्र में ‘समृद्ध मध्यप्रदेश-2047’ के दस्तावेज पर चर्चा होगी। इसमें आठ विषयों पर संबंधित विभागों के अधिकारी प्रस्तुतिकरण देंगे। दूसरे सत्र में सतत विकास लक्ष्यों और अन्य विकास संकेतकों की समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों से मिले फीडबैक और विभागीय रिपोर्ट के आधार पर सरकार आगे की रणनीति तय करेगी।
इसके बाद 21 और 22 दिसंबर को चित्रकूट में दो दिवसीय चिंतन शिविर प्रस्तावित है। इसमें मुख्यमंत्री प्रत्येक मंत्री से अलग-अलग चर्चा करेंगे। हर मंत्री को अपने विभाग की पिछले तीन वर्षों की उपलब्धियों, योजनाओं की स्थिति, कामकाज में आ रही बाधाओं और आगामी दो वर्षों के रोडमैप की जानकारी देनी होगी।
मुख्यमंत्री मंत्रियों से यह भी पूछेंगे कि विभाग की प्राथमिकताएं क्या हैं और निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए क्या कार्ययोजना तैयार की गई है। विभागों की कमजोरियों और कामकाज में आ रही समस्याओं पर भी चर्चा होगी।
माना जा रहा है कि इस पूरी समीक्षा प्रक्रिया के बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर फैसला लिया जा सकता है। खराब प्रदर्शन करने वाले कुछ मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है, जबकि कुछ राज्य मंत्रियों को पदोन्नत कर कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि, मंत्रिमंडल में बदलाव को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
