साइबर कैफे और सार्वजनिक कंप्यूटर पर लॉगिन करने से बचें, निजी चैट और बैंकिंग से जुड़ी जानकारी लीक होने का खतरा
कंप्यूटर या लैपटॉप पर वॉट्सएप वेब का इस्तेमाल करने वालों के लिए सरकार ने साइबर सुरक्षा संबंधी चेतावनी जारी की है। गृह मंत्रालय के तहत भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की एडवाइजरी में बताया गया है कि वॉट्सएप वेब का लॉगिन सेशन खुला छोड़ना साइबर अपराधियों के लिए खतरा बन सकता है। इससे निजी बातचीत और महत्वपूर्ण जानकारियां गलत हाथों में पहुंच सकती हैं।
एडवाइजरी के मुताबिक, साइबर अपराधी सक्रिय लॉगिन सेशन का दुरुपयोग कर वॉट्सएप अकाउंट तक पहुंच बना सकते हैं। इसके जरिए वे निजी चैट पढ़ने, संपर्कों और ग्रुप की जानकारी हासिल करने के साथ ही संबंधित व्यक्ति की पहचान से दूसरों को संदेश भी भेज सकते हैं। यहां तक कि अधिकारियों या सहकर्मियों के नाम पर पैसे मांगने और फर्जी निर्देश भेजने जैसी धोखाधड़ी भी की जा सकती है।
सरकार ने दी ये सावधानियां
सरकार ने लोगों को सलाह दी है कि वॉट्सएप वेब पर सरकारी, कार्यालयीन और वित्तीय मामलों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा करने से बचें। हर बार काम पूरा होने के बाद अकाउंट को मैन्युअल रूप से लॉगआउट करें। साइबर कैफे, होटल या अन्य सार्वजनिक कंप्यूटर पर वॉट्सएप लॉगिन करने से बचें। जरूरत पड़ने पर निजी ब्राउजिंग विंडो का इस्तेमाल करें और कंप्यूटर के सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर तथा ब्राउजर को अपडेट रखें।
सिर्फ ब्राउजर बंद करना पर्याप्त नहीं
अक्सर लोग ऑफिस या दूसरे कंप्यूटर पर वॉट्सएप वेब खोलकर काम करने के बाद केवल ब्राउजर बंद कर देते हैं। लेकिन इससे लॉगिन सेशन समाप्त होना जरूरी नहीं है। ऐसे में उसी कंप्यूटर का इस्तेमाल करने वाला दूसरा व्यक्ति खुले अकाउंट का दुरुपयोग कर सकता है। इसलिए काम खत्म होने पर लॉगआउट करना जरूरी है।
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की सलाह है कि समय-समय पर मोबाइल में वॉट्सएप के ‘लिंक्ड डिवाइसेज’ विकल्प को भी जांचें और किसी अनजान डिवाइस का कनेक्शन दिखाई देने पर उसे तुरंत लॉगआउट कर दें

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
