ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को अब टॉयलेट और वॉशबेसिन में पानी की कमी की समस्या से जल्द राहत मिल सकती है। भोपाल रेल मंडल ने इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में सेंसर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित तकनीक का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। इस व्यवस्था के लागू होने से कोच की पानी की टंकियों में पानी का स्तर निर्धारित सीमा से नीचे पहुंचते ही रेल कर्मचारियों को तत्काल अलर्ट मिल जाएगा।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया के अनुसार, नई व्यवस्था में कोच की पानी की टंकी में पानी 30 प्रतिशत से कम होते ही रेलवे के कंट्रोल रूम, ट्रेन सुपरवाइजर और अगले वाटरिंग स्टेशन के तकनीकी कर्मचारियों को अलर्ट भेजा जाएगा। इससे ट्रेन के संबंधित स्टेशन पर पहुंचने से पहले ही पानी भरने की तैयारी की जा सकेगी।
हर कोच में लगेंगे इलेक्ट्रॉनिक सेंसर
इस तकनीक के तहत ट्रेन के प्रत्येक कोच की पानी की टंकी में विशेष इलेक्ट्रॉनिक सेंसर लगाए जाएंगे। ये सेंसर लगातार पानी के स्तर की निगरानी करेंगे। जैसे ही टंकी में पानी निर्धारित 30 प्रतिशत के स्तर से नीचे पहुंचेगा, सिस्टम वेब आधारित अलर्ट जारी करेगा। इसके साथ ही ट्रेन सुपरवाइजर, बेस स्टेशन और अगले वाटरिंग स्टेशन के कर्मचारियों को ऑटोमेटिक एसएमएस भी भेजा जाएगा।
आईओटी से केंद्रीय सर्वर तक पहुंचेगा डेटा
इस पूरी व्यवस्था में इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। सेंसर से मिलने वाला डेटा केंद्रीय सर्वर तक पहुंचेगा, जहां से प्रत्येक कोच में पानी की उपलब्धता की वास्तविक स्थिति कंप्यूटर पर देखी जा सकेगी। रूट में आने वाले अगले स्टेशनों के कर्मचारी भी अपने कंप्यूटर पर कोचवार पानी का स्तर जांच सकेंगे।
खास बात यह है कि ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचने से करीब 30 मिनट पहले ही कर्मचारियों को जानकारी मिल जाएगी कि किस कोच में पानी भरने की जरूरत है। इससे सभी कोच की मैन्युअल जांच करने की आवश्यकता भी कम होगी और रिफिलिंग की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित हो सकेगी।
गर्मी में सामने आई थी पानी की गंभीर समस्या
रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक, पिछली गर्मियों के पीक सीजन में करीब 30 प्रतिशत लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर के दौरान पानी की कमी की शिकायतें सामने आई थीं। टॉयलेट और वॉशबेसिन में पानी नहीं होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती थी। कई बार इस समस्या के कारण यात्रियों के विरोध, चेन पुलिंग और ट्रेनों के परिचालन में देरी जैसी स्थितियां भी बनीं।
नई तकनीक से रेलवे को उम्मीद है कि पानी की कमी की पहचान समय रहते हो सकेगी और यात्रियों को बीच सफर में होने वाली असुविधा से बचाया जा सकेगा।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
