यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की सख्ती, दो दिन में 76 वाहनों के चालान 74 हजार 500 रुपए का समन शुल्क लगाया, रॉन्ग साइड, अव्यवस्थित पार्किंग और काली फिल्म वाले वाहन भी कार्रवाई की जद में


कटनी/शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पिछले दो दिनों में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान 76 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए 74 हजार 500 रुपए का समन शुल्क अधिरोपित किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन तथा यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। अभियान में यातायात पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम ने शहर के प्रमुख चौराहों, अस्पतालों और व्यस्त मार्गों पर वाहनों की जांच की।
रॉन्ग साइड चलने वालों पर विशेष नजर
अभियान के दौरान चांडक चौक एवं मिशन चौक पर रॉन्ग साइड से वाहन चलाकर यातायात बाधित करने वाले 25 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। वहीं तिलक राष्ट्रीय स्कूल, घंटाघर चौराहा, खिरहनी ब्रिज, जीजी नर्सिंग होम एवं चांडक हॉस्पिटल के सामने सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़े कर आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले 15 वाहन चालकों के विरुद्ध चालान काटे गए।
इसके अलावा गलत, अस्पष्ट एवं बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई। दो बोलेरो वाहनों में काली फिल्म पाए जाने पर भी पुलिस ने कार्रवाई की। बिना वैध पीयूसी प्रमाण पत्र के संचालित दो वाहन, निर्धारित ऊंचाई से अधिक माल लोड करने वाले दो वाहन तथा बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले पांच चालकों को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया। बिना बीमा और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
नियमों के पालन की दी समझाइश
यतायात पुलिस ने वाहन चालकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने, मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और रॉन्ग साइड वाहन नहीं चलाने की अपील की है। साथ ही सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग और ओवरलोडिंग से बचने तथा आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने की समझाइश दी गई।
यातायात पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाकर दुर्घटनाओं में कमी लाना और शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाना है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगामी दिनों में भी सघन जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *