अधिवक्ताओं का उग्र प्रदर्शन: नगर निगम कार्यालय में जमकर हंगामा और बाहर धरने पर बैठने से लगा जाम; अतिक्रमण प्रभारी को हटाने की मांग


कटनी। वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक जैन के साथ नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते के कर्मचारियों द्वारा कथित अभद्रता किए जाने के मामले ने गुरुवार को उग्र रूप ले लिया। इस घटना के विरोध में बड़ी संख्या में अधिवक्ता कचहरी चौक में एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए नगर निगम कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कार्यालय परिसर में जमकर नारे बाजी और हंगामा हुआ, वहीं अधिवक्ता निगम के सामने धरने पर बैठ गए, जिससे मुख्य मार्ग पर जाम के हालात बन गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन काफी उग्र रहा। बड़ी संख्या में अधिवक्ता नगर निगम के सामने धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। सड़क पर धरना प्रदर्शन के कारण मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने अतिक्रमण शाखा के प्रभारी मानवेन्द्र सिंह के खिलाफ मोर्चा खोला। अधिवक्ताओं की प्रमुख मांग है कि अतिक्रमण प्रभारी को तत्काल प्रभाव से पद से हटाया जाए। समाचार लिखे जाने तक नगर निगम के बाहर धरना और परिसर में तनाव की स्थिति बनी रही।

यह है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, यह विवाद सोमवार शाम घंटाघर क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान शुरू हुआ था। वहां नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता कबाड़ का कारोबार करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई कर रहा था। इसी दौरान अतिक्रमण प्रभारी मानवेन्द्र सिंह और वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक जैन के बीच विवाद हो गया। अधिवक्ताओं का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
इसी घटना से नाराज अधिवक्ताओं ने मंगलवार को भी आंदोलन किया था। पुरानी कचहरी में एकत्रित होने के बाद वकीलों ने दोपहर करीब 12 बजे नगर निगम कार्यालय का घेराव किया था और परिसर में दाखिल होकर महापौर, निगमाध्यक्ष तथा निगमायुक्त के कक्ष के सामने प्रदर्शन किया। फिर बाहर नारे बाजी करते हुए धरने पर बैठे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *