अधिवक्ताओं के उग्र प्रदर्शन और अभद्रता के विरोध में निगम कर्मी कर रहे प्रदर्शन

कटनी। अधिवक्ताओं के कथित उग्र प्रदर्शन और अभद्र व्यवहार से आक्रोशित होकर आज नगर निगम कर्मियों ने प्रदर्शन का रुख अपना लिया है। विगत दिनों चले घटनाक्रम और विवादों के बाद आज निगम कर्मचारियों की नाराजगी खुलकर सामने आई है। हालांकि प्रदर्शन संयमित और सीमित दायरे में है।
जानकारी के अनुसार, अतिक्रमण कार्रवाई और उससे जुड़े विवाद को लेकर उपजे तनाव के बीच अधिवक्ताओं के प्रदर्शन तथा कथित अभद्रता को लेकर नगर निगम कर्मियों में गहरा रोष व्याप्त है। कर्मचारियों का कहना है कि वे अपने दायित्वों और प्रशासनिक कार्यों का निर्वहन कर रहे थे, लेकिन इस दौरान हुए उग्र प्रदर्शन और अमर्यादित व्यवहार ने उन्हें आहत किया है। इसी विरोध और सम्मान की मांग को लेकर आज निगम कर्मी प्रदर्शन कर रहे हैं।
गौरतलब है कि शहर में बीते दिनों हुए प्रदर्शन और ठप्प रहे कामकाज के बाद आमजन पहले ही जाम और जरूरी सेवाओं के बाधित होने से परेशान हो चुके हैं। अब निगम कर्मियों के विरोध प्रदर्शन से शहरवासियों की निगाहें एक बार फिर हालात और प्रशासनिक हस्तक्षेप पर टिक गई हैं कि कब इस टकराव का समाधान निकलेगा और नियमित कामकाज सुचारू हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *