सब्जी मंडी गली में दीवार काटकर 3 लाख की चोरी, नकदी और महंगे इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स ले उड़े चोर

* शंकर इलेक्ट्रिकल्स दुकान को बनाया निशाना, 2 लाख नकद और 90 हजार की टीवी आईसी चोरी
* किसना ज्वेलर्स के बाद दूसरी बड़ी वारदात से व्यापारियों में दहशत, पुलिस सुरक्षा पर उठे सवाल
कटनी:
शहर में चोरी की वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे व्यापारियों और आम नागरिकों की चिंताएं गहरी हो गई हैं। चोर अब दुकानों के ताले तोड़ने के बजाय सीधे दीवारें काटकर बेखौफ तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला शहर के बिलैया तलैया स्थित सब्जी मंडी गली का है, जहां चोरों ने ‘शंकर इलेक्ट्रिकल्स’ नामक एलईडी टीवी डिस्प्ले रिपेयरिंग की दुकान को निशाना बनाते हुए लगभग 3 लाख रुपये की बड़ी चोरी को अंजाम दिया।

दीवार तोड़कर भीतर घुसे चोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाजाज बैग हाउस के पास सब्जी मंडी गली में शंकर यादव और उनके पुत्र समीर यादव द्वारा ‘शंकर इलेक्ट्रिकल्स’ के नाम से दुकान संचालित की जाती है। समीर यादव ने बताया कि वे शनिवार शाम करीब 7:30 बजे रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर गए थे। रविवार को बाजार और दुकान बंद रहती है।
सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे जब पिता-पुत्र दुकान पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान की अंदरूनी दीवार टूटी हुई थी और सारा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था। चोरों ने दुकान में रखी लगभग 80 से 90 हजार रुपये कीमत की टीवी आईसी और करीब 2 लाख रुपये नकद पार कर दिए। चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है।

कोतवाली पुलिस मौके पर, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारिकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के इलाकों में लगे संभावित सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

किसना ज्वेलर्स के बाद दूसरी बड़ी वारदात से सहमे व्यापारी
कटनी के बरगवां क्षेत्र स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम में हुई करोड़ों (12 से 15 करोड़) की सनसनीखेज चोरी का मामला अभी पुलिस के लिए पूरी तरह सुलझा भी नहीं है कि सब्जी मंडी क्षेत्र में दीवार काटकर हुई इस वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लगातार हो रही इन चोरियों से व्यापारिक वर्ग में भारी असुरक्षा और भय का माहौल है। व्यापारियों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में रात्रिकालीन गश्त (नाइट पेट्रोलिंग) को बेहद प्रभावी बनाया जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए और लंबित चोरियों का शीघ्र खुलासा कर सुरक्षा का पुख्ता भरोसा दिलाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *