व्यापारिक जगत में हर्ष का माहौल, नवनियुक्त पदाधिकारियों का हुआ स्वागत
कटनी/कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा संगठनात्मक विस्तार के तहत कटनी के वरिष्ठ व्यापारी नेता आशीष गुप्ता ‘बाबा’ को मध्यप्रदेश का प्रदेश सचिव एवं कटनी जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, बालमुकुंद गुप्ता को संभागीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन दोनों महत्वपूर्ण नियुक्तियों से जिले के व्यापारिक जगत में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
व्यापारियों और समाज सेवा में सक्रिय हैं आशीष गुप्ता ‘बाबा’ नवनियुक्त प्रदेश सचिव एवं जिला प्रभारी आशीष गुप्ता ‘बाबा’ लंबे समय से व्यापारिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं और सदैव व्यापारियों के हितों के लिए संघर्ष करते आए हैं। इसके साथ ही वे भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री का दायित्व भी निभा रहे हैं। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, सक्रियता और उत्कृष्ट कार्यक्षमता को देखते हुए कैट ने उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, बालमुकुंद गुप्ता को भी संगठन के प्रति उनके निरंतर योगदान के आधार पर संभागीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
शीर्ष नेतृत्व के प्रति जताया आभार
अपनी नियुक्ति पर नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया, राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल, मध्यप्रदेश प्रभारी संजय पटवारी, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन, संयुक्त अध्यक्ष गोविंद दास असाटी और प्रदेश महामंत्री जितेंद्र पचौरी सहित सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है।
प्राथमिकताएं: व्यापारियों की समस्याओं का निराकरण और हितों की रक्षा
पदभार ग्रहण करते हुए नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि वे संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि कटनी सहित पूरे प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कराना, उनके संवैधानिक अधिकारों एवं हितों की रक्षा करना और व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
