कटनी / मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम कांटी में आयोजित जनसंवाद शिविर कार्यक्रम में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने 78 ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर कलेक्टर निलांबर मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम विजयराघवगढ़ प्रमोद चतुर्वेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में ग्रामीण विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं और मांगों के आवेदन लेकर पहुंचे। किसी ने राजस्व विभाग से संबंधित शिकायत की, तो किसी ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर तिवारी ने प्रत्येक आवेदक की बात गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुनी तथा संबंधित अधिकारियों से प्रकरण की स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निराकरण में समय-सीमा और गुणवत्ता दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कलेक्टर तिवारी ने शिविर समाप्त होने के बाद भी ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से पूछा कि उनकी कोई अन्य समस्या तो नहीं है। इससे ग्रामीणों में अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर भरोसा और विश्वास का भाव नजर आया।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
