19 सितंबर को इंदौर पहुंचकर छात्र हितों की आवाज उठाने की अपील
कटनी। 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज-युवाओं की आवाज, एक नई सोच’ कार्यक्रम को लेकर कटनी के तिलक महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं के बीच जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों से संवाद कर कार्यक्रम की जानकारी दी गई तथा बड़ी संख्या में पंजीयन भी कराया गया।
जनसंपर्क के दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं पूर्व एनएसयूआई जिलाध्यक्ष दिव्यांशु ‘अंशु’ मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थियों के सामने शिक्षा और रोजगार से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक पर प्रभावी रोक, शिक्षा के बढ़ते खर्च और शिक्षा के व्यापारीकरण जैसे विषयों को छात्र हित से जोड़ते हुए कहा कि इन मुद्दों पर सामूहिक रूप से आवाज उठाने की जरूरत है।
उन्होंने KG से PG तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्ष व्यवस्था, विद्यार्थियों के अधिकारों की सुरक्षा तथा युवाओं के लिए बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने की मांगों को कार्यक्रम में प्रमुखता से उठाने की बात कही। साथ ही छात्र-युवाओं से 19 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में इंदौर पहुंचने की अपील की।
जिला एनएसयूआई अध्यक्ष अजय खटिक ने कहा कि विद्यार्थी देश के भविष्य की आधारशिला हैं। शिक्षा महंगी होने और प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं जैसी समस्याओं का सीधा असर विद्यार्थियों के भविष्य पर पड़ता है। उन्होंने शिक्षा को सुलभ बनाने और परीक्षा व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ के माध्यम से विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को सामूहिक मंच पर उठाने का प्रयास किया जा रहा है। जनसंपर्क के दौरान छात्र-छात्राओं में कार्यक्रम को लेकर उत्साह नजर आया।
इस अवसर पर प्रदेश सोशल मीडिया समन्वयक शशांक गुप्ता, सूर्यकांत कुशवाहा, जिला एनएसयूआई प्रभारी अभिषेक प्यासी, सौरभ पांडेय, सोशल मीडिया प्रभारी प्रज्ज्वल साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं युवा मौजूद रहे।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
