कटनी के बाधा इमलाज गांव के मजदूरों से भरी पिकअप छतरपुर में पलटी, 37 घायल, 16 की हालत गंभीर कटनी/छतरपुर:

छतरपुर जिले के किशनगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरा गांव के पास गुरुवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें कटनी जिले के ग्रामीण मजदूरों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में करीब 37 मजदूर घायल हो गए हैं, और इनमें से 16 मजदूरों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

मूंगफली की फसल काटने जा रहे थे मजदूर
मिली जानकारी के अनुसार, कटनी जिले के बाधा इमलाज गांव के रहने वाले ये सभी मजदूर छतरपुर में मूंगफली की फसल निकालने (काटने) के लिए जा रहे थे। यात्रा के दौरान देवरा गांव के पास वाहन चालक ने पिकअप पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण यह दुर्घटना घटी। शुरुआती जानकारी में ड्राइवर के शराब के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

अस्पताल में जारी है इलाज
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों को पहले बिजावर अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायलों में शिवा कुमार आदिवासी (14), राधा आदिवासी (20), गयाबाई, सीताबाई, अमियाबाई, संजना, संगीता, पानबाई, नंदनी, लल्लेबाई, राजा, रतनलाल, शिवनंदन, सुरेश, गेंदा और कन्हैया शामिल हैं। इनमें 14 वर्षीय शिवा कुमार को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *