जबलपुर / मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के जस्टिस डीडी बंसल मंगलवार 12 मई को साइकिल से हाईकोर्ट पहुंचे। उनका वीडियो सामने आने के बाद शहरभर में इसकी चर्चा शुरू हो गई और लोगों ने इसे सादगी व पर्यावरण जागरूकता का संदेश बताया।
जानकारी के अनुसार जस्टिस बंसल करीब 3 किलोमीटर साइकिल चलाकर सिविल लाइंस स्थित अपने निवास से हाईकोर्ट पहुंचे। रास्ते भर लोगों की नजरें उन पर टिकी रहीं। हाईकोर्ट परिसर पहुंचने पर कर्मचारियों और आम नागरिकों ने भी उन्हें उत्सुकता से देखा।
पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील
मीडिया से बातचीत में जस्टिस डीडी बंसल ने कहा कि यह सोच गलत है कि हाईकोर्ट के जज साइकिल से नहीं जा सकते। उन्होंने कहा कि जहां तक संभव हो, सभी लोगों को साइकिल चलाकर पेट्रोल-डीजल की बचत करनी चाहिए। यह पर्यावरण संरक्षण और देशहित से जुड़ा विषय है।
उन्होंने बताया कि वे संजीव सचदेवा से प्रेरित होकर साइकिल चला रहे हैं। उनके इस कदम से प्रेरित होकर हाईकोर्ट के कुछ कर्मचारियों ने भी बैग और टिफिन लेकर साइकिल से आने-जाने की शुरुआत की।
प्रधानमंत्री की अपील से जुड़ा संदेश
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम में देशवासियों से ईंधन की खपत कम करने की अपील की थी। उन्होंने सार्वजनिक परिवहन, मेट्रो और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ाने तथा पेट्रोल-डीजल की बचत करने पर जोर दिया था।
मंगलवार को शहर की व्यस्त सड़कों के बीच जस्टिस बंसल का साइकिल से हाईकोर्ट पहुंचना लोगों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गया।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
