छोटे विवादों के समाधान के लिए पुलिस को मिलेगी मध्यस्थता की ट्रेनिंग, पारिवारिक और पड़ोसियों के विवादों पर रहेगा विशेष जोर


मध्यप्रदेश में छोटे सामाजिक और पारिवारिक विवादों को आपसी बातचीत के जरिए सुलझाने की नई पहल शुरू की गई है। इसके तहत पुलिसकर्मियों और समुदाय के प्रतिनिधियों को मध्यस्थता का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि छोटे-छोटे विवाद थाने या अदालत तक पहुंचने से पहले ही आपसी सहमति से सुलझाए जा सकें।
भोपाल में 26 से 29 नवंबर तक आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को विवादों की वजह समझने, दोनों पक्षों की बात धैर्यपूर्वक सुनने और आपसी सहमति से समाधान निकालने के तरीके सिखाए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भोपाल के सहयोग से आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण MP-CST, विज्ञान भवन, नेहरू नगर में ऑफलाइन माध्यम से चल रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भोपाल के सचिव हिमांशु कौशल ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और समुदाय के प्रतिनिधियों को स्थानीय विवादों के समाधान के लिए सक्षम बनाना है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मध्यस्थता केवल दो पक्षों के बीच समझौता कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि विवाद की वास्तविक वजह समझकर स्थायी समाधान तलाशना भी जरूरी है। विशेष रूप से पारिवारिक विवादों में दोनों पक्षों की भावनाओं और परिस्थितियों को समझना चाहिए।
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की सदस्य सचिव सुमन श्रीवास्तव ने कहा कि यह पहल विधिक सहायता को सामुदायिक पुलिसिंग से जोड़ने का प्रयास है। परिवारों में पति-पत्नी और अन्य सदस्यों के बीच होने वाले विवाद समय रहते बातचीत से सुलझाए जा सकते हैं। मध्यस्थ की भूमिका किसी एक पक्ष का समर्थन करना या फैसला सुनाना नहीं, बल्कि दोनों पक्षों की बात सुनकर सहमति तक पहुंचने में मदद करना है।
उन्होंने बताया कि मध्यस्थता से समय और धन की बचत होती है तथा पारिवारिक रिश्तों को टूटने से बचाया जा सकता है। कई विवाद अदालत पहुंचने से पहले ही सुलझाए जा सकते हैं।
पुलिस और समाज मिलकर करेंगे काम
डीआईजी कम्युनिटी पुलिसिंग डॉ. विनीत कपूर ने सामुदायिक पुलिसिंग और मध्यस्थता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पुलिस और समाज एक-दूसरे के पूरक हैं। सामुदायिक पुलिसिंग का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहभागिता बढ़ाना है।
उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत जनसुरक्षा, सामाजिक विवादों का समाधान, भीड़ प्रबंधन, कानून के प्रति जागरूकता, महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम तथा पीड़ितों की सहायता जैसे कार्य भी शामिल हैं। ग्राम एवं नगर रक्षा समितियां सामुदायिक पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनमें सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं और स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है।
प्रशिक्षण के माध्यम से पुलिसकर्मियों को सामाजिक और कानूनी विवादों की प्रकृति समझने तथा संवाद के जरिए उनके समाधान की व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *