नैंगवा गांव में जंगली सूअर के शिकार और मांस बिक्री के मामले में वन विभाग की कार्रवाई, सामग्री जब्त


कटनी। जिले के नैंगवा गांव में वन विभाग की टीम ने जंगली सूअर के अवैध शिकार और उसके मांस की बिक्री की सूचना पर दबिश देते हुए एक घर से पका व कच्चा मांस और खून से सना बाका बरामद किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार, 27 नवंबर को की गई।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नैंगवा निवासी रंगलाल सपेरा द्वारा जंगली सूअर का शिकार कर घर में मांस काटने और बेचने की मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कढ़ाई में पका हुआ मांस, फ्रिज में रखे कच्चे मांस के अवयव तथा खून से सना एक बाका मिला। टीम ने सभी सामग्री को जब्त कर वन परिक्षेत्र कार्यालय कटनी पहुंचाया।
यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार के निर्देशन एवं उपवनमंडलाधिकारी कटनी पूर्व के मार्गदर्शन में की गई। संयुक्त दल में वनपाल अनिल कुमार मिश्रा, सुमित सिंह, रंजना कुजूर तथा वनरक्षक कमलेश कुमार लारिया, रोहित मिश्रा, शाश्वत शिवहरे और सविता दुर्वे समेत पहाड़ी व कटनी के अन्य वनकर्मी शामिल रहे। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वन्यजीवों के अवैध शिकार और मांस के कारोबार पर नजर रखी जा रही है तथा जब्त सामग्री की जांच के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *