पत्नी ही होगी जीवन बीमा की पूरी रकम की हकदार, माता-पिता और बहन की दावेदारी खारिज; हाईकोर्ट ने पलटा निचली अदालत का फैसला


मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने जीवन बीमा पॉलिसी में नॉमिनी के अधिकारों को लेकर महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए पत्नी को बीमा राशि का एकमात्र लाभार्थी माना है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि बीमाधारक ने यदि अपनी पत्नी को एकमात्र नॉमिनी नियुक्त किया है, तो बीमा अधिनियम की धारा 39(7) के तहत निर्धारित शर्तें पूरी होने पर पत्नी पूरी बीमा राशि की हकदार होगी। अन्य कानूनी वारिस केवल उत्तराधिकार के आधार पर बीमा राशि में हिस्सेदारी का दावा नहीं कर सकते।
जस्टिस विवेक जैन की एकलपीठ ने पत्नी मोनिका बडगुजर की याचिका स्वीकार करते हुए निचली अदालत के उस आदेश को निरस्त कर दिया, जिसमें बीमा राशि पत्नी, माता, पिता और बहन के बीच बराबर बांटने का निर्देश दिया गया था।
पति की मृत्यु के बाद शुरू हुआ था विवाद
मामला MTNL में कार्यरत मुकेश कहर से जुड़ा है, जिनका 10 जुलाई 2017 को निधन हो गया था। उन्होंने आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस की पॉलिसी में अपनी पत्नी मोनिका बडगुजर को एकमात्र नॉमिनी बनाया था।
पति की मृत्यु के बाद उनके माता-पिता और बहन ने उत्तराधिकार प्रमाण-पत्र के लिए सिविल कोर्ट में आवेदन किया। 24 नवंबर 2023 को सिविल कोर्ट ने पीएफ, ग्रेच्युटी और बीमा राशि को पत्नी, माता, पिता और बहन के बीच चार बराबर हिस्सों में बांटने का आदेश दिया था। इसके बाद 12 मार्च 2025 के आदेश को पत्नी ने हाईकोर्ट में चुनौती दी।
बीमा अधिनियम की धारा 39(7) बनी फैसले का आधार
हाईकोर्ट ने बीमा अधिनियम 1938 की धारा 39(7) की व्याख्या करते हुए कहा कि निर्धारित कानूनी शर्तों के तहत पति-पत्नी, बच्चों या माता-पिता को नॉमिनी बनाए जाने पर उन्हें बीमा राशि का लाभार्थी माना जा सकता है।
कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि हर नॉमिनी को स्वतः मालिकाना अधिकार नहीं मिलता। यदि पॉलिसी लेते समय माता-पिता को नॉमिनी बनाया गया और बाद में बीमाधारक की शादी हो गई या बच्चे हो गए, तो ऐसी स्थिति में कानूनी प्रावधानों के अनुसार अधिकारों का निर्धारण किया जाएगा।
पत्नी को मिली पूरी बीमा राशि की पात्रता
मौजूदा मामले में पति ने अपनी पत्नी को ही एकमात्र नॉमिनी नियुक्त किया था। ऐसे में हाईकोर्ट ने पत्नी को पॉलिसी की पूरी राशि का लाभार्थी माना और निचली अदालत का आदेश पलट दिया।
मोनिका बडगुजर की ओर से अधिवक्ता अजय शंकर रायजादा ने पैरवी की।
क्यों महत्वपूर्ण है फैसला
हाईकोर्ट का यह निर्णय जीवन बीमा पॉलिसियों में नॉमिनी और कानूनी वारिस के अधिकारों के अंतर को स्पष्ट करता है। हालांकि, नॉमिनी का अधिकार बीमा अधिनियम की धारा 39(7) में निर्धारित शर्तों और मामले के तथ्यों पर निर्भर करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *