नगर निगम के सामने सड़क पर उतरे सैकड़ों अधिवक्ता, 2 घंटे चक्काजाम; अतिक्रमण प्रभारी को हटाने और FIR की मांग पर अड़े

निगम के सामने अधिवक्ताओं का शक्ति प्रदर्शन, मनेन्द्र सिंह मुर्दाबाद के नारे; आयुक्त नदारद

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक जैन के साथ नगर निगम के अतिक्रमण विभाग के कर्मचारियों द्वारा की गई अभद्रता के विरोध में गुरुवार को कटनी में अधिवक्ताओं का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया। नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सैकड़ों अधिवक्ता निगम कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने सड़क पर बैठ गए। इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई और अतिक्रमण प्रभारी मनेन्द्र सिंह के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए।

अधिवक्ताओं का आक्रोश केवल विरोध प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने अतिक्रमण प्रभारी मनेन्द्र सिंह को पद से हटाने, निलंबित करने और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर नगर निगम प्रशासन के सामने अपना रुख स्पष्ट कर दिया। अधिवक्ताओं का कहना था कि वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह पूरे अधिवक्ता समुदाय के सम्मान से जुड़ा मामला है। ऐसे में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

गुरुवार को बड़ी संख्या में अधिवक्ता नगर निगम के मुख्य द्वार पर एकत्रित हुए और देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। अधिवक्ताओं ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे से अधिक समय तक चले इस प्रदर्शन के चलते नगर निगम के सामने आवागमन प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारी लगातार निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों पर अड़े रहे।

निगमायुक्त की अनुपस्थिति पर भी उठे सवाल

पूरे घटनाक्रम के दौरान नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार प्रदर्शन स्थल पर मौजूद नहीं रहीं। सैकड़ों अधिवक्ताओं के सड़क पर उतरने और निगम के मुख्य द्वार पर लगातार नारेबाजी के बावजूद आयुक्त की अनुपस्थिति को लेकर भी सवाल उठते रहे। अधिवक्ताओं में इस बात को लेकर नाराजगी दिखाई दी कि इतने गंभीर विरोध के बीच निगम प्रशासन की ओर से उनकी मांगों पर सीधे संवाद की पहल नजर नहीं आई।

अधिवक्ताओं ने साफ कर दिया कि वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ हुए व्यवहार के मामले में केवल आश्वासन पर्याप्त नहीं है। जब तक अतिक्रमण प्रभारी मनेन्द्र सिंह को हटाने, निलंबित करने और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

खबर लिखे जाने तक सैकड़ों अधिवक्ता नगर निगम परिसर और मुख्य द्वार के बाहर डटे हुए थे। निगम प्रशासन के खिलाफ अधिवक्ताओं के इस सामूहिक विरोध ने शहर में प्रशासनिक जवाबदेही और अधिवक्ताओं के सम्मान को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *