जिला अस्पताल के ऊपर बीचोंबीच क्षतिग्रस्त हुई रेलिंग, मौके पर मिले वाहन के कांच के टुकड़े; हादसा या तोड़फोड़, सीसीटीवी जांच से खुलेगा राज
कटनी। चांडक चौक से बरगवां की ओर जाने वाले ओवरब्रिज पर देर रात किसी अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से रेलिंग में लगा नॉइस बैरियर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना रात करीब 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रेलिंग में लगे नॉइस बैरियर का अधिकांश हिस्सा टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना ओवरब्रिज के बीचों बीच की बताई जा रही है।
सुबह जब लोग ओवरब्रिज से गुजरे तो क्षतिग्रस्त रेलिंग और बिखरे पड़े मलबे को देखकर हैरान रह गए। देखते ही देखते मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। घटनास्थल पर वाहन के कांच के टुकड़े भी पड़े मिले हैं, जिससे किसी तेज रफ्तार वाहन के रेलिंग से टकराने की आशंका जताई जा रही है।
हैरानी की बात यह है कि घटना के संबंध में पुलिस से जानकारी लेने पर बताया गया कि वहां किसी सड़क दुर्घटना की सूचना नहीं मिली है और न ही कोई घटना सामने आई है। ऐसे में यह सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर ओवरब्रिज की रेलिंग इतनी बुरी तरह कैसे क्षतिग्रस्त हुई? क्या किसी अनियंत्रित वाहन ने जोरदार टक्कर मारी या फिर किसी असामाजिक तत्व द्वारा तोड़फोड़ की गई है? फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।
सीसीटीवी फुटेज से सामने आ सकता है सच
ओवरब्रिज पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। ऐसे में यदि संबंधित विभाग और पुलिस द्वारा रात के समय के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाए तो घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है। फुटेज से यह भी पता लगाया जा सकता है कि किस वाहन से टक्कर हुई और घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हुआ या नहीं।
सुरक्षा को लेकर नागरिकों ने जताई चिंता
ओवरब्रिज की रेलिंग और नॉइस बैरियर क्षतिग्रस्त होने से राहगीरों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल निरीक्षण कराकर रेलिंग और नॉइस बैरियर को दोबारा दुरुस्त कराने तथा घटना की जांच कराने की मांग की है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
