कटनी : शहर के राहुल बाग से एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है, जहां एक खुला नाला फिर बेजुबान जानवर के लिए काल बनता नजर आ रहा है। एक गाय अनियंत्रित होकर गहरे और खुले नाले में जा गिरी। नाले में गिरने के कारण गाय गंभीर रूप से चोटिल हो गई है, लेकिन वह अभी जीवित है और सांसें ले रही है।
स्थानीय नागरिक अपने स्तर पर बचा रहे जान
घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय रहवासियों की भारी भीड़ जुट गई। बेजुबान की तड़प देखकर क्षेत्रवासी खुद ही उसे सुरक्षित बाहर निकालने की हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, नाला गहरा होने और गाय के घायल होने की वजह से रेस्क्यू में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और अभी तक सफलता नहीं मिल सकी है।
नगर निगम बेखबर, मौके पर नहीं पहुंचा अमला
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सूचना देने के बावजूद अब तक नगर निगम की कोई टीम या क्रेन मौके पर नहीं पहुंची है। नगर निगम की इस सुस्ती और उदासीनता के कारण स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
तड़पती गाय की जान बचाने के लिए क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन और पशु चिकित्सा टीम से तुरंत मौके पर पहुंचकर क्रेन/जेसीबी की मदद से रेस्क्यू करने की गुहार लगाई है, ताकि समय रहते बेजुबान को बचाकर उसका इलाज कराया जा सके।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
