अधिकारी एसी में, जनता गर्मी से बेहाल — बिजली कटौती और लो वोल्टेज से शहरवासी परेशान
कटनी। तेज गर्मी और सूरज की तपिश से जहां आमजन पहले ही परेशान हैं, वहीं बिजली व्यवस्था की लापरवाही लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रही है। बीते कुछ दिनों से शहर की कई कॉलोनियों में दोपहर और रात के समय लगातार लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है।
स्थिति यह है कि कम वोल्टेज के कारण पंखे, कूलर और एसी तक ठीक से नहीं चल पा रहे हैं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी झेलनी पड़ रही है। सिटी-6 फीडर आए दिन बंद हो रहा है और खबर लिखे जाने तक भी सप्लाई बाधित रही। इस फीडर से जुड़े कुठला, बालाजी नगर, रचना नगर और नई बस्ती पन्ना मोड़ क्षेत्र के उपभोक्ता लगातार बिजली संकट का सामना कर रहे हैं।
बारिश से पहले बिजली कंपनी द्वारा मेंटेनेंस कार्य किए जाने का दावा किया जा रहा है ताकि मानसून में समस्या न हो, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट नजर आ रही है। लगातार हो रही बिजली समस्या से शहरवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां अधिकारी अपने वातानुकूलित कार्यालयों में बैठकर ठंडी हवा का आनंद ले रहे हैं, वहीं आम जनता गर्मी और बिजली कटौती से बेहाल है। नागरिकों ने बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार और स्थायी समाधान की मांग की है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
