रवि फसल खरीदी में अनियमितताओं के आरोप, किसानों ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

कटनी। विलायतकला केंद्र के लक्ष्य वेयर हाउस एवं बमिका वेयर हाउस में रवि फसल खरीदी के दौरान अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। किसानों ने केंद्र प्रभारी लखन पटेल पर कमीशनखोरी और नियमों की अनदेखी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

किसानों का कहना है कि शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार फसल की गुणवत्ता जांच, थ्रेसिंग, सफाई और छनाई के बाद ही खरीदी की प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए, लेकिन केंद्र पर बिना उचित प्रक्रिया अपनाए सीधे चने की बोरियों की तौल कर खरीदी की जा रही है। इससे खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय किसानों के अनुसार यदि कोई किसान इस व्यवस्था पर आपत्ति जताता है, तो उसकी उपज की खरीदी में जानबूझकर देरी की जाती है। किसानों का आरोप है कि इससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष मूंग खरीदी के दौरान भी केंद्र प्रभारी लखन पटेल पर अनियमितताओं के आरोप लगे थे। इसके बावजूद दोबारा उन्हें खरीदी प्रभारी बनाए जाने पर किसानों और आमजन में नाराजगी देखी जा रही है। क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर किसके संरक्षण में यह पूरा खेल संचालित हो रहा है और शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।

किसानों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि खरीदी केंद्रों में पारदर्शिता बनी रहे और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *