भाजपा की मासिक जिला बैठक में संगठन मजबूती पर जोर, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने का आह्वान जिलाध्यक्ष तथा जिला संगठन प्रभारी ने दिया मार्गदर्शन

कटनी[आशीष सोनी]। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में रविवार 3 मई को आयोजित मासिक जिला बैठक में संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन एवं जिला संगठन प्रभारी सुजीत जैन ने कार्यकर्ता, पदाधिकारियों को मार्गदर्शन दिया। भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी के तैल चित्र पर माल्यार्पण तथा नमन के पश्चात बैठक प्रारम्भ हुई।

इस दौरान जिला पदाधिकारियों, मंडल प्रभारियों एवं मंडल अध्यक्षों के साथ व्यापक संवाद कर आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन ने कहा कि भाजपा का संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी मजबूती के दम पर पार्टी हर चुनौती का सामना करती है। उन्होंने कहा कि मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और सुदृढ़ करना समय की आवश्यकता है। हर कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। यदि बूथ मजबूत होगा तो संगठन अपने आप मजबूत होगा। हमें नियमित बैठकों, जनसंपर्क अभियान और सेवा गतिविधियों के माध्यम से जनता के बीच अपनी उपस्थिति और विश्वास दोनों को मजबूत करना होगा। जिलाध्यक्ष श्री टंडन ने आगे कहा कि आने वाले कार्यक्रमों को केवल औपचारिकता न मानते हुए उन्हें मिशन मोड में क्रियान्वित किया जाए, ताकि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता स्पष्ट रूप से दिखाई दे।

जिला संगठन प्रभारी सुजीत जैन ने अपने संबोधन में कहा कि यह बैठक केवल समीक्षा का मंच नहीं, बल्कि संगठन की ऊर्जा को नई दिशा देने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रवास बढ़ाएं और मंडल स्तर पर सतत संपर्क बनाए रखें। संगठन की मजबूती संवाद, समन्वय और सतत सक्रियता से ही संभव है। हमें हर बूथ तक पहुंच बनाकर आमजन की अपेक्षाओं को समझना और उनके समाधान के लिए तत्पर रहना होगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा समयबद्ध तरीके से तैयार कर उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान मंडल स्तर पर प्रवास, सांगठनिक गतिविधियों एवं विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अलग-अलग मंडलों से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति और योजनाओं की जानकारी साझा की, जिस पर नेतृत्व ने आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।

बैठक में भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष बने मृदुल मिश्रा, श्याम निषाद के मछुआरा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नियुक्त होने पर नेता द्वय का अभिनंदन किया गया। इसी तरह अनुसूचित जाति मोर्चा के नवनियुक्त अध्यक्ष उमेन्द्र अहिरवार तथा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष चंदन सिंह का भी स्वागत किया गया।

बैठक में युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री मृदुल मिश्रा, मछुआरा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्याम निषाद, जिला महामंत्री मनीष देव मिश्रा एवं सुखदेव चौधरी मंचासीन रहे। बैठक का संचालन मनीष देव मिश्रा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सुखदेव चौधरी ने व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *