कटनी[आशीष सोनी]। जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़वारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले भर में अवैध रेत के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं डीएसपी मुख्यालय के मार्गदर्शन में थाना बड़वारा पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 9 मार्च 2026 को ग्राम बसाड़ी मेन रोड पर एक लाल रंग का महिन्द्रा कंपनी का बिना नंबर का ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत से भरा हुआ आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर चालक से रेत के संबंध में वैध दस्तावेज (रॉयल्टी) मांगे, लेकिन चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम अमर कोरी पिता गनपत कोरी, उम्र 20 वर्ष, निवासी भदौरी नंबर 02 थाना बड़वारा जिला कटनी बताया। ट्रैक्टर का इंजन नंबर RRC5GA0181 पाया गया। अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा किया गया है। मामले में धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक के.के. पटेल, प्रधान आरक्षक नितेश डोगरे, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र कुमार चढ़ार तथा प्रधान आरक्षक पवनराज की विशेष भूमिका रही।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
