शहर में अब पार्किंग होगी व्यवस्थित, जाम पर लगेगी लगाम निगम प्रशासन ने वेंकट लाइब्रेरी, गोल बाजार, रामलीला मैदान एवं जगन्नाथ चौक

ओवरब्रिज सहित प्रमुख स्थलों पर लगाए पार्किंग एवं नो पार्किंग के नवीन साइन बोर्ड
सुगम, सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था के लिए चरणबद्ध अभियान जारी
कटनी / शहर को जाम मुक्त, सुव्यवस्थित और सुरक्षित यातायात व्यवस्था प्रदान करने की दिशा में नगर पालिक निगम कटनी ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के लिए निगम प्रशासन द्वारा अब शहर के प्रमुख व्यावसायिक एवं अत्यधिक व्यस्त क्षेत्रों में पार्किंग एवं नो पार्किंग के नवीन साइन बोर्ड स्थापित किए जा रहे हैं। यह पहल नागरिकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ अव्यवस्थित पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
इसी क्रम में निगम प्रशासन द्वारा वेंकट लाइब्रेरी, गोल बाजार, रामलीला मैदान तथा जगन्नाथ चौक ओवरब्रिज के समीप पार्किंग एवं नो पार्किंग के नवीन साइन बोर्ड लगाए गए हैं। इन स्थलों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों एवं वाहनों की आवाजाही रहती है। स्पष्ट संकेतक स्थापित होने से वाहन चालक निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े कर सकेंगे, जिससे सड़कें बाधारहित रहेंगी और यातायात का संचालन अधिक सुगमता एवं सुरक्षा के साथ हो सकेगा।
नगर निगम के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर योगेश पवार ने बताया कि इससे पूर्व सुभाष चौक से स्टेशन रोड मार्ग पर नो पार्किंग जोन के साइन बोर्ड तथा विश्वकर्मा पार्क के समीप अधिकृत पार्किंग स्थल का संकेतक स्थापित किया जा चुका है। अब अभियान का विस्तार करते हुए शहर के अन्य प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी चरणबद्ध तरीके से पार्किंग एवं नो पार्किंग बोर्ड लगाए जा रहे हैं। निगम प्रशासन का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक शहरी परिवेश उपलब्ध कराना भी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नो पार्किंग क्षेत्रों में दोपहिया, चारपहिया, ऑटो, ठेला-धकेल अथवा किसी भी प्रकार का अस्थायी अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पार्किंग एवं नो पार्किंग संकेतकों का पालन करते हुए अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। नागरिकों के सहयोग से ही शहर में सुरक्षित, सुव्यवस्थित और जाम मुक्त यातायात व्यवस्था का लक्ष्य प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *