सिहोरा बायपास रोड पर आज दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहाँ एक तेज रफ्तार ट्रक ने सीमेंट से लदे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सीमेंट से लोड ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए बीच सड़क पर ही पलट गया। इस दुर्घटना के बाद हाईवे पर सीमेंट की बोरियों का अंबार लग गया, जिससे काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।
सूझबूझ से बची जान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक अब्दुल रहमान मैहर से सीमेंट लोड करके छिंदवाड़ा के लिए रवाना हुआ था। ट्रक में उसके साथ क्लीनर मनोज यदुवंशी भी मौजूद था। दोपहर लगभग 2 बजे जब उनका ट्रक सिहोरा बायपास रोड से गुजर रहा था, तभी पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।
ट्रक को अनियंत्रित होता देख चालक अब्दुल रहमान और क्लीनर मनोज ने सूझबूझ दिखाई और अपनी जान बचाने के लिए चलती गाड़ी से नीचे कूद गए। इस वजह से दोनों सुरक्षित हैं, हालांकि दुर्घटना में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
सड़क पर बिखरीं बोरियां, लगा लंबा जाम
हादसे के तुरंत बाद ट्रक में लदी सीमेंट की सैकड़ों बोरियां बीच सड़क पर बिखर गईं। व्यस्त मार्ग होने के कारण देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम के हालात निर्मित हो गए। राहगीरों और अन्य वाहन चालकों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
क्रेन की मदद से बहाल हुआ यातायात
घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए क्रेन बुलाई और क्षतिग्रस्त ट्रक को बीच सड़क से हटवाया। इसके साथ ही सड़क पर बिखरी सीमेंट की बोरियों को किनारे कराया गया। पुलिस की मुस्तैदी के बाद हाईवे पर दोबारा यातायात सुचारू रूप से शुरू हो सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
