जबलपुर। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी निर्देशों के बाद पुलिस विभाग में पदोन्नति प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसी क्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक, जबलपुर रेंज कार्यालय ने आदेश जारी करते हुए विचारण सूची में शामिल प्रधान आरक्षकों को पदोन्नत कर सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) के रिक्त पदों पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया है।
कार्यालय पुलिस उप महानिरीक्षक, जबलपुर रेंज, जबलपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार मध्यप्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम-2025 के तहत विधिक परामर्श के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पात्र प्रधान आरक्षकों को सहायक उप निरीक्षक पद पर पदोन्नति प्रदान की गई है।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि पदोन्नत अधिकारियों को वर्तमान में लागू वेतनमान 28 हजार 700 रुपये से 91 हजार 300 रुपये (पे-मैट्रिक्स लेवल-7) के अनुसार कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से लाभ मिलेगा। पदोन्नत कर्मियों को आगामी आदेश तक उनकी वर्तमान पदस्थापना इकाई में ही स्थानापन्न रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश सामान्य प्रशासन विभाग ने 30 जून 2026 को जारी पत्र के माध्यम से प्रदेश में मध्यप्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम-2025 के अंतर्गत पदोन्नति प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद विभिन्न विभागों में पदोन्नति संबंधी कार्रवाई शुरू हो गई है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
