अवैध रेत परिवहन के लिए दतला नदी में बने रैम्‍प व मार्ग जेसीबी से किये गये ध्‍वस्‍त

ग्राम दशरमन में प्रशासन की सख्‍ती, खनिज एवं रेत के अवैध उत्‍खनन एवं परिवहन के लिए बने दतला नदी के चार घाटों पर चली जेसीबी
कटनी / जिले में अवैध खनिज एवं रेत उत्‍खनन और परिवहन के विरूद्ध जिला प्रशासन का सख्‍त अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरूवार को ढीमरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम दशरमन स्थित दतला नदी से रेत का अवैध उत्‍खनन कर अवैध परिवहन करने के लिये तैयार किये गये रैम्‍प और मार्गों को जिला प्रशासन ने जेसीबी मशीन चलाकर ध्‍वस्‍त कर दिया।
कलेक्‍टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर सिलौड़ी के नायब तहसीलदार खगेश भलावी के नेतृत्‍व में मौके पर पहुंची टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से दतला नदी के तटीय घाटों पर बनाये गये अवैध रैम्‍प को कटवाया तथा गहरे गड्ढे खुदवाकर मार्ग को पूरी तरह अवरूद्ध कर दिया। ताकि भविष्‍य में किसी भी प्रकार का अवैध रेत उत्खनन एवं परिहवन न किया जा सके।
रैम्‍प को तोड़ने और बनाये गये मार्ग को अवरूद्ध करने का यह कार्य सुनारखेड़ाघाट, डबरीघाट, बम्होरी दतलाघाट और शंकरघाट बम्होरी में जेसीबी से कार्यवाही की गई। इसके साथ ही जिला प्रशासन रेत के अवैध उत्‍खनन एवं परिवहन में लिप्‍त लोगों पर कड़ी नजर रखे हुये है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *