नियमों में बदलाव की तैयारी, 200 नए भवनों पर 3600 करोड़ खर्च करेगी सरकार
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार सरकारी सांदीपनि स्कूलों के प्रवेश नियमों में बड़ा बदलाव करने जा रही है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत अब निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र भी सांदीपनि स्कूलों में प्रवेश ले सकेंगे। वर्तमान में इन स्कूलों में केवल सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को ही प्रवेश दिया जाता है।
सांदीपनि स्कूलों में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं, स्मार्ट क्लास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के कारण निजी स्कूलों के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का भी इनकी ओर रुझान बढ़ा है। इसी को देखते हुए सरकार प्रवेश नियमों में संशोधन की तैयारी कर रही है।
प्रदेश में वर्तमान में 370 सांदीपनि स्कूल स्वीकृत हैं, जिनमें 274 संचालित हो रहे हैं। इनमें 96 स्कूल जनजातीय कार्य विभाग तथा शेष स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित हैं। पहले चरण में 92 स्कूल भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है।
योजना के दूसरे चरण में 200 नए सांदीपनि स्कूल भवनों का निर्माण किया जा रहा है, जिस पर करीब 3600 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
लोक शिक्षण संचालनालय के संयुक्त संचालक प्रमोद सिंह के अनुसार, सांदीपनि स्कूलों में लगातार गुणवत्तापूर्ण सुधार किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को आधुनिक एवं वैश्विक स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए स्मार्ट क्लास, डिजिटल लर्निंग तथा हिंदी और अंग्रेजी माध्यम में अध्ययन की सुविधाएं विकसित की गई हैं। योग्य शिक्षकों की पदस्थापना भी सुनिश्चित की गई है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
