कटनी। रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ विजयराघवगढ़ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में ग्राम गुड़ेहा के महानदी घाट क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन में संलिप्त दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डहरिया एवं एसडीओपी वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम गुड़ेहा में दबिश दी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बस स्टैंड के पास और केवट मोहल्ले में कार्रवाई करते हुए रेत से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ीं।
पुलिस के अनुसार कारीतलाई निवासी आलोक उरमलिया पिता रामदत्त उरमलिया तथा ग्राम गुड़ेहा निवासी शेखर सिंह पिता भागवत सिंह द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली से अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा था। जांच के दौरान रेत के परिवहन अथवा क्रय-विक्रय से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
पुलिस ने दोनों रेत लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाने में खड़ा कराया है तथा आरोपियों के विरुद्ध खान एवं खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
