समग्र आईडी में वैवाहिक स्थिति सुधारने की प्रक्रिया हुई सरल

अब ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर होगा प्रकरणों का त्वरित निराकरण
कटनी / मध्यप्रदेश शासन के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समग्र आईडी में वैवाहिक स्थिति (Marital Status) से संबंधित त्रुटियों के संशोधन की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी एवं नागरिक हितैषी बनाया गया है। इस संबंध में विभाग के प्रमुख सचिव एम. सेलवेन्द्रन द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
नई व्यवस्था के तहत अब नागरिक निर्धारित दस्तावेजों के साथ समग्र पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन का परीक्षण एवं ई-प्रमाणीकरण ग्राम पंचायत अथवा वार्ड स्तर पर किया जाएगा, जिससे अधिकांश प्रकरणों का निराकरण स्थानीय स्तर पर ही शीघ्रता से संभव हो सकेगा।
यदि किसी नागरिक की समग्र आईडी में वैवाहिक स्थिति त्रुटिवश गलत दर्ज हो गई है, तो वह स्वघोषणा-पत्र एवं निर्धारित जनप्रतिनिधि या संबंधित अधिकारी की अनुशंसा के आधार पर संशोधन के लिए आवेदन कर सकेगा। इसी प्रकार तलाकशुदा, परित्यक्ता, विधवा एवं विधुर श्रेणी से संबंधित विभिन्न प्रकार के संशोधनों के लिए आवश्यक दस्तावेजों एवं अनुमोदन प्रक्रिया का भी स्पष्ट प्रावधान किया गया है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनकी समग्र आईडी में वैवाहिक स्थिति संबंधी कोई त्रुटि दर्ज है, तो वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ समग्र पोर्टल पर आवेदन प्रस्तुत कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उसका संशोधन अवश्य कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *