स्वच्छता और स्वास्थ्य जागरूकता का जनअभियान – राहगीरी डे गर्ग चौराहा से कारगिल चौक मार्ग पर 24 मई को होगा सातवां भव्य आयोजन कटनी / नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहरवासियों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से रविवार 24 मई को ‘राहगीरी डे’ कैंपेन 2026 के सातवें आयोजन का भव्य आयोजन गर्ग चौराहा से कारगिल चौक मार्ग पर किया

जाएगा। यह आयोजन प्रातः 7:00 बजे से 8:30 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर निर्माण का संदेश रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से दिया जाएगा।
नगर निगम द्वारा आयोजित यह अभिनव अभियान केवल मनोरंजन या खेल गतिविधियों तक सीमित न होकर नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करने का माध्यम बनता जा रहा है। कार्यक्रम में फोर बिन प्रेजेंटेशन, प्लास्टिक प्रतिबंध जागरूकता, नुक्कड़ नाटक एवं हस्ताक्षर अभियान जैसी गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता का व्यवहारिक संदेश दिया जाएगा।
वहीं दूसरी ओर योग, साइकिल रेस, जुंबा, स्केटिंग, रस्सी खेल, चम्मच-नींबू दौड़, म्यूजिकल चेयर, केरम, शतरंज, घुड़सवारी तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से नागरिकों, विशेषकर युवाओं और बच्चों को फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। रंगोली, म्यूजिक एवं डांस परफॉर्मेंस तथा मैजिक शो जैसे आकर्षक कार्यक्रम आयोजन को उत्साहपूर्ण स्वरूप प्रदान करेंगे।
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि ऐसे आयोजन सामाजिक सहभागिता को बढ़ाने के साथ-साथ नागरिकों में अपने शहर के प्रति जिम्मेदारी और अपनत्व की भावना भी विकसित करते हैं। ‘राहगीरी डे’ अब शहर में स्वच्छता, स्वास्थ्य और सकारात्मक सामाजिक संदेश का प्रभावी जनआंदोलन बनता जा रहा है।
नगर निगम प्रशासन ने समस्त शहरवासियों से अपील की है कि वे रविवार 24 मई को गर्ग चौराहा में आयोजित होने वाले राहगीरी डे के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस जनजागरूकता अभियान का हिस्सा बनें तथा स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर कटनी के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *