मानसून पूर्व निगम की बड़ी तैयारी, मिशन मोड पर नालों की सफाई

कटनी। आगामी मानसून को देखते हुए नगर पालिक निगम कटनी ने शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। निगम प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख बड़े नालों से लेकर मोहल्लों की छोटी नालियों तक की सफाई अभियान स्तर पर कराई जा रही है। निगम की स्वास्थ्य शाखा से मिली जानकारी के अनुसार बड़े नालों में जेसीबी और नाला सफाई मशीनों के माध्यम से जमा गाद और कचरा हटाया जा रहा है, जबकि संकरी गलियों एवं घनी बस्तियों में स्वच्छता मित्रों की टीम लगातार सफाई कार्य में जुटी हुई है।
शुक्रवार को माधवनगर गेट के समीप रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने नाले पर बने पक्के स्लैब को जेसीबी की मदद से हटाकर सफाई की गई। इसके अलावा राम मनोहर लोहिया वार्ड, पाठक वार्ड तथा मदन मोहन चौबे वार्ड सहित कई क्षेत्रों में मशीनों से नालों की सफाई कराई गई। वहीं धर्मलोक हॉस्पिटल के पीछे, झर्रा टिकुरिया, रघुनाथगंज, द्वारका सिटी, मंगलनगर, बंगला लाइन और इंदिरा आवास कॉलोनी सहित कई स्थानों पर स्वच्छता मित्रों ने नालियों से गाद और कचरा हटाकर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त की।
निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बारिश शुरू होने से पहले सभी संवेदनशील क्षेत्रों के नालों की सफाई हर हाल में पूरी की जाए। वे स्वयं विभिन्न वार्डों की व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा कर रही हैं और फील्ड स्तर पर मॉनिटरिंग के जरिए सफाई कार्य में तेजी लाई जा रही है। निगम प्रशासन का कहना है कि जलभराव की समस्या रोकना इस बार प्राथमिकता में शामिल है।
निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे नालियों में कचरा और पॉलीथिन न डालें तथा शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *